सभी थाना क्षेत्र रविवार सुबह छह बजे से कर्फ्यू मुक्त
जोधपुर उपद्रव
- अब तक 42 गिरफ्तार
- 39 मुकदमें हुए दर्ज
- सीसीटीवी फुटेज से हो सकती है और गिरफ्तारियां
जोधपुर, शहर में गत 3 मई की रात को जालोरी गेट सर्किल पर हुए दो गुटों में बवाल के बाद पुलिस प्रशासन ने दस थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाया था। जिसके बाद धीरे धीरे हालात सामान्य होते गए और कर्फ्यू में छूट देते हुए कुछ क्षेत्र से उठा लिया गया। शनिवार को पुलिस आयुक्तालय ने आदेश जारी कर जिला पूर्व के चार और जिला पश्चिम में सरदारपुरा के शेष एवं प्रतापनगर सदर से पूर्ण कर्फ्यू हटा दिया है। आदेश रविवार की सुबह छह बजे से लागू होगा। कर्फ्यू में कुछ थाना क्षेत्रों में चल रही ढील अवधि में पूर्णत: शांति कायम हो चुकी है। वहां से सप्ताह भर में कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं आई है।
पुलिस मुख्यालय एवं यातायात राजकुमार चौधरी ने आदेश जारी कर बताया कि जिला पूर्व के सदर बाजार, सदर कोतवाली,नागौरी गेट एवं खांडा फलसा क्षेत्र से रविवार की सुबह छह बजे से कर्फ्यू समाप्त किया जाता है। जिला पश्चिम में सरदारपुरा थाना क्षेत्र के शेष इलाकों एवं प्रताप नगर सदर थाना क्षेत्र को कर्फ्यू मुक्त किया जाता है। अब इन क्षेत्रों में कोई कर्फ्यू लागू नहीं होगा। लोगबाग निर्बाध रूप से अपनी व्यापारिक गतिविधियां संचालित कर सकेंगे। सरदारपुरा थाना क्षेत्र में दो दिन पहले बी व सी रोड को कर्फ्यू मुक्त किया गया था। अब किसी भी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह से कोई कर्फ्यू लागू नहीं होगा।
अब तक 39 प्रकरण में 42 गिरफ्तारियां
3 मई को चले घटनाक्रम के बाद पुलिस आयुक्तालय के दस थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाने के साथ 39 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। जबकि 42 से ज्यादा गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। पुलिस ने 250 से ज्यादा लोगों को इस बीच हिरासत में लिया था। कईयों का प्रकरण से कोई लेनदेन सामने नहीं आने पर जमानत मिलने पर छोड़ दिया गया था। मगर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से प्रकरणों से 42 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है। जिनमें कई पुलिस अभिरक्षा में है।
और भी गिरफ्तारियां संभव
पुलिस की मानें तो सीसीटीवी फुटेजों को खंगाला जा रहा है। इसमें और भी गिरफ्तारियां संभव हैं। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। निर्दोषों को पूछताछ के बाद छोड़ा भी जा रहा है। पुलिस एक एक पहलु पर तस्दीक कर गिरफ्तारी कर रही है।
दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews