आधुनिक खेल सुविधाओं से निखरेगी खिलाडिय़ों की प्रतिभा
शाला क्रीड़ा संगम गौशाला मैदान की वेबसाइट का शुभारंभ
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),आधुनिक खेल सुविधाओं से निखरेगी खिलाडिय़ों की प्रतिभा। जोधपुर के शाला क्रीड़ा संगम केंद्र,गौशाला मैदान को आधुनिक एवं बहुउद्देशीय खेल केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में केंद्र की नई वेबसाइट का शुभारंभ किया गया है। वेबसाइट के माध्यम से खिलाडिय़ों,विद्यार्थियों एवं आमजन को खेल गतिविधियों की जानकारी,ऑनलाइन सदस्यता पंजीकरण तथा उपलब्ध मैदानों एवं अन्य आयोजन स्थलों की बुकिंग के लिए आवेदन की सुविधा मिलेगी।
शाला क्रीड़ा संगम केंद्र के सचिव एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि जिला कलक्टर आलोक रंजन के निर्देशन में गौशाला मैदान का उन्नयन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य एक ही परिसर में विविध खेलों एवं फिटनेस संबंधी गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना तथा विद्यार्थियों और खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा निखारने के अधिक अवसर प्रदान करना है।
शरद पूर्णिमा पर आज चन्द्रमा बरसेगा अमृत
मिश्रा ने बताया कि खेलों में नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए शिक्षा विभाग के खेल परिसर में पहली बार पिकल बॉल एवं शूटिंग रेंज जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इन सुविधाओं से विशेष रूप से सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को नए खेलों से जुडऩे और अपनी खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।
तरणताल एवं रनिंग ट्रैक का होगा उन्नयन
उन्होंने बताया कि परिसर के तरणताल को ऑल- वेदर सुविधा के रूप में विकसित करने तथा सिंथेटिक रनिंग ट्रैक का उन्नयन करने की योजना है। इससे तैराकी एवं एथलेटिक्स के खिलाडिय़ों को वर्षभर बेहतर अभ्यास सुविधाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।
खिलाडिय़ों की फिटनेस एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए परिसर के जिम का नवीनीकरण किया जाएगा। इसके तहत मल्टीफंक्शनल मशीनें स्थापित करने के साथ जिम हॉल को आधुनिक स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
योग वाटिका को पर्यावरण अनुकूल एवं प्राकृतिक स्वरूप में विकसित करने की योजना है। मिश्रा ने बताया कि परिसर में आने वाले सदस्यों एवं खिलाडिय़ों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आगामी समय में पंचकर्म चिकित्सा एवं फिजियोथेरेपी सेवाएं प्रारंभ करने की भी योजना है। इन सुविधाओं से खेल प्रशिक्षण के साथ शारीरिक स्वास्थ्य, फिटनेस एवं रिकवरी को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
घर बैठे मिलेगी खेल सुविधाओं की जानकारी
नई वेबसाइट के माध्यम से नागरिक केंद्र में संचालित क्रिकेट,योग, लॉन टेनिस,तैराकी, स्केटिंग एवं बास्केटबॉल सहित विभिन्न खेल गतिविधियों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। वेबसाइट पर ऑनलाइन सदस्यता पंजीकरण के साथ उपलब्ध मैदानों,हॉल एवं अन्य आयोजन स्थलों की बुकिंग के लिए आवेदन भी किया जा सकेगा।
इससे नागरिकों को केंद्र की सुविधाओं तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी।आगामी समय में विकसित होने वाली नई सुविधाओं की जानकारी भी वेबसाइट के माध्यम से उपलब्ध करवाई जाएगी।
प्रतिभाओं को मिलेंगे नए अवसर
शाला क्रीड़ा संगम गौशाला मैदान का उन्नयन जोधपुर में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आधुनिक खेल सुविधाओं,बेहतर प्रशिक्षण वातावरण और डिजिटल सेवाओं के माध्यम से विद्यार्थियों, खिलाडिय़ों एवं आमजन को खेल गतिविधियों से जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है।
जिला प्रशासन का उद्देश्य गौशाला मैदान को आधुनिक एवं बहुउद्देशीय खेल केंद्र के रूप में विकसित करना है, जहां शहरवासियों को एक ही परिसर में विभिन्न खेलों एवं फिटनेस संबंधी गतिविधियों की सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इससे स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आगे बढऩे के अवसर मिलेंगे तथा जोधपुर में खेल गतिविधियों को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहन मिलेगा।
