Doordrishti News Logo

24 तोला सोना और 5 लाख रुपए चुराने का आरोपी गिरफ्तार

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),24 तोला सोना और 5 लाख रुपए चुराने का आरोपी गिरफ्तार। शहर में 24 तोला सोने और 5 लाख कैश चोरी के मामले में बोरानाडा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। चोर मकान के ताले और बेडरूम की खिडक़ी तोडक़र अंदर घुसे और अलमारी में रखे करीब 24 तोल सोने के आभूषण,100 ग्राम चांदी और कैश चोरी कर ले गए थे। पुलिस इस मामले में आरोपी से पूछताछ कर रही है।

मामले में देवीसिंह पुत्र मुकनसिंह राजपुरोहित ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार,13 सितंबर को वह परिवार सहित ट्रेन से वृंदावन गए हुए थे। और घर पर आगे के कमरे में उनके साले का लडक़ा मोहित रुका हुआ था,जबकि बेडरूम और कमरों के ताला लगा था। 16 सितंबर की रात करीब 8.30 बजे मोहित के पास फोन आया कि उनके मकान के ताले टूटे हुए हैं और बेडरूम के पीछे की खिडक़ी तथा अलमारी का लॉक टूटा है।

अवैध हथियार सहित युवक गिरफ्तार

सुबह घर लौटने पर जब अलमारी की जांच की गई,तो उसमें रखे करीब 24 तोला वजनी सोने के गहने जिसमें दो चेन, अंगूठियां,आड,ठुसी, रखड़ी सेट,शीश फूल, कानों के झुमके-लटकन, फूंसी,मादलिया,मंगलसूत्र और फीणी आदि गायब थी।

इसके अलावा चांदी की पांच जोडिय़ां पायल, कड़ा पायल और लक्ष्मी जी के 5 सिक्के सहित कुल 5 लाख रुपये नकद गायब मिले। इस पर थाने में रिपोर्ट दी गई।रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आस-पड़ोस में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जिसमें सामने आया कि 15 और 16 सितंबर की रात करीब 12 बजे 2 संदिग्ध हीरो होंडा मोटर साइकिल पर आए थे और मकान के आगे से निकलने के डेढ़ घंटे बाद वापस गए।

मामले में उपनिरीक्षक चमनाराम को जांच सौंपी थी। जिसमें कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी सेवाड़ी, बाली जिला पाली हाल हाउसिंग बोर्ड धोबियों का बास, आबूरोड निवासी दीपक जोशी पुत्र मुन्नालाल को गिरफ्तार कर लिया है।