दावेदारों का उत्साह भाजपा में जनता के विश्वास का प्रमाण- संगीता यादव
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),दावेदारों का उत्साह भाजपा में जनता के विश्वास का प्रमाण-संगीता यादव। नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रधान कार्यालय में सोमवार को वार्ड केंद्र प्रभारियों एवं वार्ड चुनाव प्रभारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री एवं चुनाव प्रभारी संगीता यादव ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा करते हुए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया।
संगीता यादव ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में पार्षद पद के लिए अनेकों दावेदारों के आवेदन आना इस बात का प्रमाण है कि आम जनता का विश्वास भारतीय जनता पार्टी के प्रति मजबूत है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जनता के इस विश्वास के अनुरूप पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करना होगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाओं में युवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार युवाओं से संवाद कर रहे हैं। भाजपा के सांसद और विधायक भी युवाओं से संपर्क कर उनके मुद्दों को समझने और उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।
टिकट में उम्र नहीं, सक्रियता और स्वीकार्यता बनेगी आधार
निकाय चुनाव में युवाओं को टिकट देने के सवाल पर संगीता यादव ने कहा कि पार्टी ने युवाओं या किसी अन्य वर्ग के लिए टिकट का कोई निश्चित प्रतिशत तय नहीं किया है। उन्होंने कहा कि टिकट के चयन में उम्र से अधिक दावेदार की सक्रियता, संगठन के प्रति समर्पण, जनता के बीच स्वीकार्यता और जीतने की क्षमता जैसे पहलुओं को ध्यान में रखा जाएगा। योग्य और सक्रिय युवाओं को भी पार्टी में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और राजस्थान की भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच व्यापक संवाद स्थापित किया जाए और पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को प्रत्येक वार्ड तक पहुंचाया जाए।
भाजपा चुनाव प्रभारी ने कहा कि पार्टी में टिकट के लिए बड़ी संख्या में दावेदार सामने आए हैं, लेकिन संगठन द्वारा जिसे भी प्रत्याशी घोषित किया जाएगा,सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर उसके साथ खड़ा होना है। उन्होंने कहा कि टिकट मिलने के बाद सभी दावेदारों और कार्यकर्ताओं को अपने मतभेद पीछे छोड़कर कमल के निशान को मजबूत करने और पार्टी प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प लेकर चुनाव मैदान में उतरना होगा।
जोधपुर के विकास का फैसला करेगा निकाय चुनाव,भाजपा बनाएगी बोर्ड-मदन राठौड़
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि संगठन की एकजुटता और सरकार के कामकाज के आधार पर भाजपा को नगर निकायों में पूर्ण बहुमत दिलाने के लिए पूरी ताकत से जुटें। वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाया जाए।
बैठक में भाजपा निकाय चुनाव संभाग प्रभारी एवं राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं चुनाव सह प्रभारी सीआर चौधरी,निकाय चुनाव जिला प्रभारी रविंद्र सिंह बलावत,चुनाव पर्यवेक्षक किशोर सिंह,भाजपा जोधपुर शहर जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल, जोधपुर शहर विधायक अतुल भंसाली, निगम चुनाव प्रभारी एवं पूर्व महापौर घनश्याम ओझा, पूर्व उप महापौर किशन लड्डा सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
