Doordrishti News Logo

पत्नी के गुजारा भत्ते से जुड़े मामले में हाईकोर्ट का अहम फैसला

5 फीसदी ऑटोमैटिक बढ़ोतरी का आदेश रद्द

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),पत्नी के गुजारा भत्ते से जुड़े मामले में हाईकोर्ट का अहम फैसला। पति-पत्नी के बीच मेंटेनेंस यानी गुजारा भत्ते से जुड़े एक मामले में राजस्थान हाईकोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है। हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि पत्नी के गुजारा भत्ते की रकम हर साल अपने आप एक तय प्रतिशत से नहीं बढ़ाई जा सकती। इसके लिए बदली हुई परिस्थितियों का आकलन और कानून में तय प्रक्रिया का पालन जरूरी है। इस मामले में हाईकोर्ट ने पत्नी का गुजारा भत्ता 4,400 रुपये से बढ़ाकर 9,000 रुपये महीना करने के फैमिली कोर्ट के फैसले को बरकरार रखा।

हालांकि हर साल इसमें अपने आप 5 प्रतिशत बढ़ोतरी करने का आदेश रद्द कर दिया है। जस्टिस फरजंद अली ने याचिकाकर्ता मुन्नालाल बामनिया की क्रिमिनल रिवीजन याचिका पर फैसला सुनाते हुए कहा कि महंगाई और बदली हुई परिस्थितियों को गुजारा भत्ता तय करने में ध्यान में रखा जा सकता है,लेकिन बिना कानूनी प्रक्रिया के हर साल अपने आप बढ़ोतरी का आदेश नहीं दिया जा सकता।

इसके लिए बदली हुई परिस्थितियों का आकलन और कानून में तय प्रक्रिया का पालन जरूरी है। हाईकोर्ट ने पत्नी के गुजारा भत्ते की बढ़ी हुई रकम लागू होने की तारीख भी बदल दी। फैमिली कोर्ट ने इसे 27 मई 2022 से लागू किया था, लेकिन हाईकोर्ट ने आदेश दिया कि 9,000 रुपये महीने का गुजारा भत्ता 13 मार्च 2026 यानी फैमिली कोर्ट के फैसले की तारीख से ही देय होगा। याचिकाकर्ता की ओर से कोई उपस्थित नहीं हुआ,जबकि प्रतिवादी की ओर से अधिवक्ता तुषार मजोका ने पैरवी की।

कांस्टेबल को 20 लाख मुआवजा देने के आदेश

मामला जोधपुर के रहने वाले 62 वर्षीय मुन्नालाल बामनिया और उनकी पत्नी से जुड़ा है। दोनों की शादी 21 जनवरी 1979 को हुई थी। उनकी एक बेटी भी है। दोनों 1985 से पहले ही अलग रहने लगे थे। पत्नी ने सीआरपीसी की धारा 125 के तहत गुजारा भत्ते की मांग की थी। शुरुआत में उन्हें 180 रुपये और बेटी को 100 रुपये महीना देने का आदेश हुआ। समय के साथ अलग-अलग आवेदनों पर यह रकम बढ़ती रही।

साल 2010 में पत्नी का गुजारा भत्ता 3000 और 1 जनवरी 2016 से 4,400 रुपये महीना तय किया गया। समय के साथ महंगाई,रोजमर्रा की जरूरतों और इलाज के खर्च में बढ़ोतरी हुई तो पत्नी ने फिर से गुजारा भत्ता बढ़ाने की मांग की। उन्होंने बढ़ते घरेलू खर्च, अपनी बीमारी और पति की पेंशन आय का हवाला दिया। जोधपुर की फैमिली कोर्ट नंबर-2 ने 13 मार्च 2026 को पत्नी का गुजारा भत्ता 4,400 रुपये से बढ़ाकर 9,000 रुपये महीना कर दिया था।

फैमिली कोर्ट ने यह बढ़ोतरी 27 मई 2022 से लागू मानी और बकाया रकम 2 महीने में चुकाने का आदेश दिया। इसके साथ ही कोर्ट ने गुजारा भत्ते में हर साल अपने आप 5 प्रतिशत बढ़ोतरी करने का आदेश भी दिया। मुन्नालाल ने इस फैसले को राजस्थान हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।