Doordrishti News Logo

कांस्टेबल को 20 लाख मुआवजा देने के आदेश

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),कांस्टेबल को 20 लाख मुआवजा देने के आदेश। राजस्थान हाइकोर्ट ने एक पुलिस कांस्टेबल की सेवा से बर्खास्तगी को अवैध और विरोधाभासी ठहराया,लेकिन 28 वर्षों से अधिक समय से सेवा से बाहर होने और पुलिस बल की अनुशासनात्मक प्रकृति को देखते हुए उन्हें नौकरी पर बहाल करने के बजाय राज्य सरकार को 20 लाख रुपए एकमुश्त मुआवजा देने का आदेश दिया।

जस्टिस विनीत कुमार माथुर की डिवीजन बेंच ने अपीलार्थी शैताना राम की अपील को निस्तारण करते हुए महत्वपूर्ण आदेश दिया है।अधिवक्ता एएस सलूजा ने बताया कि अपीलार्थी शैताना राम 9 नवंबर,1990 को पुलिस विभाग में कांस्टेबल नियुक्त हुए थे। आरोप है कि वे 19 फरवरी,1996 को बिना अनुमति या छुट्टी के अपने गृह क्षेत्र चले गए।

एक मार्च,1996 को उनके भाई बस्ती राम की हत्या से जुड़े मामले में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई, पंद्रह अप्रैल,1996 को उनकी गिरफ्तारी हुई और वे पुलिस व न्यायिक हिरासत में रहे। हालांकि, बाद में ट्रायल कोर्ट ने उन्हें संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया था। इस बीच विभागीय जांच के बाद 7 जनवरी, 1998 को उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया गया, जिसे अपील, पुनरीक्षण और एकलपीठ ने भी बरकरार रखा।

मादक पदार्थ तस्करी का वांटेड पांच हजार का इनामी गिरफ्तारी

अधिवक्ता एएस सलूजा ने बताया कि डिवीजन बेंच ने पाया कि बर्खास्तगी आदेश अपने आप में विरोधाभासी है। एक ओर अनुशासनात्मक प्राधिकारी ने 19 फरवरी, 1996 से 15 अप्रैल, 1996 तक की 56 दिनों की अनुपस्थिति को बिना वेतन अवकाश के रूप में नियमित किया, जबकि 15 अप्रैल, 1996 के बाद की अवधि हिरासत के कारण अनधिकृत नहीं मानी गई। कोर्ट ने कहा कि जब अनुपस्थिति की अवधि को अवकाश देकर नियमित कर दिया गया, तो उसी आदेश में उसी अनुपस्थिति को आधार बनाकर बर्खास्तगी की सजा देना उचित नहीं है। इसके अलावा,हत्या से जुड़े आरोपों पर भी आपराधिक मामले में बरी होने के आधार पर कोई स्पष्ट निष्कर्ष दर्ज नहीं किया गया था। साथ ही कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि हर बिना अनुमति अनुपस्थिति अपने आप में जानबूझकर की गई अनुपस्थिति नहीं होती और परिस्थितियों को देखना आवश्यक है।

अधिवक्ता एएस सलूजा ने बताया कि कोर्ट ने माना कि अपीलार्थी का पूर्व सेवा रिकॉर्ड संतोषजनक नहीं रहा और वे करीब 28 साल से अधिक समय से बाहर हैं, इसलिए पुलिस विभाग में उनकी बहाली उचित नहीं है। न्याय के हित में राज्य सरकार को निर्देश दिया गया कि फैसले की प्रमाणित प्रति मिलने के तीन महीनों के भीतर उन्हें 20 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाए। तय समय में भुगतान न होने पर वास्तविक भुगतान तक 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देना होगा, और अपीलार्थी को बहाली या अन्य सेवा लाभ नहीं मिलेंगे।