उत्साह से मनाया 80वां स्वाधीनता दिवस का जिला स्तरीय समारोह
-उम्मेद राजकीय स्टेडियम में हुए समारोह में संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने किया ध्वजारोहण
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),उत्साह से मनाया 80वां स्वाधीनता दिवस का जिला स्तरीय समारोह। जोधपुर जिले में 80वां स्वाधीनता दिवस शनिवार को गरिमा, उत्साह,अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में समारोह पूर्वक मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह उम्मेद राजकीय स्टेडियम में आयोजित हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि संसदीय कार्य, विधि एवं न्याय मंत्री जोगाराम पटेल ने ध्वजारोहण किया तथा परेड निरीक्षण के उपरांत मार्च पास्ट की सलामी ली।
राष्ट्र निर्माण का संकल्प लें -पटेल:-
समारोह के मुख्य अतिथि जोगाराम पटेल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले असंख्य ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करने और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का संकल्प लेने का दिवस है।
उन्होंने महात्मा गांधी,नेताजी सुभाष चंद्र बोस, शहीद भगत सिंह,वीर सावरकर,चंद्रशेखर आजाद सहित सभी स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने हमें राष्ट्र की एकता,अखंडता एवं गौरव को अक्षुण्ण रखने की जिम्मेदारी सौंपी है।
पटेल ने कहा कि तिरंगा केवल हमारे हाथों में नहीं, बल्कि हमारे हृदय में भी होना चाहिए। राष्ट्रभक्ति केवल नारों तक सीमित नहीं है,बल्कि प्रत्येक नागरिक द्वारा अपने कर्तव्यों का ईमानदारी एवं निष्ठा से निर्वहन करना भी सच्ची राष्ट्रसेवा है। उन्होंने कहा कि प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गरीब,युवा,किसान व नारी शक्ति के सशक्तीकरण को विकास की प्राथमिकता बनाया गया है तथा अंत्योदय की भावना के साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
विकसित भारत@2047 के संकल्प में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी:-
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में देश की स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूर्ण होंगे। विकसित भारत@ 2047 का संकल्प केवल किसी एक सरकार का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी और साझा यात्रा है। हमें ऐसा भारत बनाना है,जहां विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, युवाओं को शिक्षा, कौशल एवं रोजगार के बेहतर अवसर मिलें, महिलाओं को सम्मान,सुरक्षा, स्वावलंबन एवं नेतृत्व के समान अवसर प्राप्त हों तथा गरीब एवं वंचित वर्ग आत्म सम्मान के साथ आगे बढ़े।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान ‘आपणो अग्रणी राजस्थान’ के संकल्प के साथ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया कि स्वतंत्रता की विरासत को विकास की शक्ति बनाते हुए गरीब,युवा,किसान,नारी शक्ति एवं समाज के अंतिम छोर तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा समृद्ध,सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनें।
उत्कृष्ट सेवाओं एवं उल्लेखनीय कार्यों के लिए 77 प्रतिभाएं सम्मानित:-
समारोह में मुख्य अतिथि जोगाराम पटेल ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय सेवाओं तथा उपलब्धियों के लिए 77 प्रतिभाओं, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं समाज सेवियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) जवाहर चौधरी ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया गया।
भव्य मार्च पास्ट ने बढ़ाई समारोह की गरिमा,आरएसी (फर्स्ट) मंडोर रोड रही प्रथम:-
समारोह में परेड कमांडर (आरपीएस) नीतेश कंवर के नेतृत्व में प्रथम बटालियन आरएसी,राजस्थान पुलिस पुरुष एवं महिला,महिला पुलिस कमिश्नरेट (कालिका),राजस्थान होम गार्ड्स पुरुष एवं महिला, एनसीसी तथा स्काउट एवं गाइड की टुकड़ियों ने अनुशासित एवं भव्य मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। मार्च पास्ट प्रतियोगिता में आरएसी प्रथम,मंडोर रोड, जोधपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया,जबकि कालिका ने द्वितीय तथा एनसीसी पुरुष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सामूहिक व्यायाम एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां:-
समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने सामूहिक व्यायाम का मनोहारी प्रदर्शन किया। महाराणा प्रताप की 450वीं जयंती एवं वंदे मातरम की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में उपस्थित दर्शकों में राष्ट्रप्रेम एवं उत्साह का संचार किया।
स्वतंत्रता दिवस पर आयुष शोध और नवाचार को नई दिशा देने का आह्वान
बैंड की मधुर देशभक्ति धुनों ने मोहा दर्शकों का मन:-
समारोह में राजस्थान पुलिस बैंड एवं राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल की बैंड टुकड़ियों ने देशभक्ति की मधुर स्वरलहरियों से दर्शकों का मन मोहा। बैंड प्रतियोगिता में राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल ने प्रथम तथा राजस्थान पुलिस बैंड ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बैंड की प्रस्तुतियों एवं विद्यार्थियों के अनुशासित प्रदर्शन ने समारोह की गरिमा एवं भव्यता को और बढ़ाया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद (राज्यसभा) राजेंद्र गहलोत, राजस्थान जीव जंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह बिश्नोई,शहर विधायक अतुल भंसाली,सूरसागर विधायक देवेन्द्र जोशी,त्रिभुवन सिंह भाटी, संभागीय आयुक्त कन्हैया लाल स्वामी,पुलिसमहानिरीक्षक (जोधपुर रेंज) सत्येंद्र सिंह,जिला कलक्टर आलोक रंजन,पुलिस आयुक्त अंशुमन भोमिया सहित जन प्रतिनिधि,प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी,विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित थे।
