अवैध शराब की गाड़ी एस्कॉर्ट करने वाला गिरफ्तार कार जब्त

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),अवैध शराब की गाड़ी एस्कॉर्ट करने वाला गिरफ्तार कार जब्त। डांगियावास थाना पुलिस ने गुजरात में अवैध अंग्रेजी शराब ले जाने वाली पिकअप गाड़ी और उसे एस्कॉर्ट करने वाले ब्रेजा कार चालक को गिरफ्तार किया है। कार को भी जब्त किया है। आरोपी वीरेंद्र सिंह डीडवाना-कुचामन के पीलवा थाना क्षेत्र का रहने वाला है।

डांगियावास थानाधिकारी राजूराम काला ने बताया कि 4 अक्टूबर को कार्रवाई करते हुए एक पिकअप गाड़ी से चंडीगढ़ निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब के 215 कार्टन जब्त किए थे। पुलिस ने पिकअप चालक को भी गिरफ्तार किया था। पुलिस जांच में सामने आया था कि मुख्य आरोपी वीरेन्द्रसिंह अपनी ब्रेजा कार से इस पिकअप गाड़ी को एस्कॉर्ट करते हुए अवैध शराब को गुजरात ले जा रहा था।

भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर भाजपा की पुष्पांजलि

जैसे ही उसे पुलिस द्वारा पिकअप पकड़े जाने का अंदेशा हुआ,वह अपना मोबाइल फोन बंद करके मौके से फरार हो गया था। इसके बाद से लगातार पुलिस उस पर निगरानी रखे हुए थी।
पुलिस से बचने के लिए आरोपी वीरेन्द्रसिंह पिछले डेढ़ महीने से राजस्थान,पंजाब और गुजरात के अलग-अलग ठिकानों पर फरारी काट रहा था।

शनिवार को डांगियावास थाना टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी वीरेंद्र अपनी ब्रेजा कार से किसी रिश्तेदारी में जा रहा है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे दस्तयाब किया और थाने लाकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।