बस में सफर कर रहे 20 हजार के इनामी को पकड़ा

अफीम तस्करी के मामले में 3 साल से चल रहा था फरार

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),बस में सफर कर रहे 20 हजार के इनामी को पकड़ा। जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट की डांगियावास थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन साल से फरार चल रहे 20 हजार रुपए के इनामी और थाना क्षेत्र के टॉप-10 वांछित मुलजिम को दबोचने में सफलता हासिल की है। आरोपी पिछले तीन साल से गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छिपकर फरारी काट रहा था।

थानाधिकारी राजूराम काला ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के विशेष अभियान के तहत वांछित अपराधियों की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दौरान पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित इनामी आरोपी खेतसागर चोरडिय़ा जेठानियां,थाना देचू निवासी अम्बा राम पुत्र देवाराम देचू से बस में सवार होकर जोधपुर की तरफ आ रहा है।

अवैध शराब की गाड़ी एस्कॉर्ट करने वाला गिरफ्तार कार जब्त

सूचना मिलते ही डांगियावास थाने की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए देचू से जोधपुर आने वाली बस को ट्रेस किया और आरोपी अम्बाराम को दस्तयाब कर थाने लाई,जहां पूछताछ के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, थाना डांगियावास में दर्ज प्रकरण में यह आरोपी लंबे समय से वांछित था।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अम्बाराम ने ही पूर्व में आरोपी राम स्वरूप से 2 किलो 50 ग्राम अफीम का दूध मंगवाया था। 12 फरवरी 2024 को रामस्वरूप के पकड़े जाने के बाद से ही अम्बाराम पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर जोधपुर पुलिस उपायुक्त द्वारा 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।