Doordrishti News Logo

दुकानदार पर जानलेवा हमला

पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),दुकानदार पर जानलेवा हमला। डांगियावास थाना क्षेत्र में चुनावी रंजिश के चलते एक दुकानदार और उसके परिजनों पर जानलेवा हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है। इस मामले में पीडि़त की रिपोर्ट पर डांगियावास पुलिस ने सरपंच पति शिवप्रकाश कागट,पेशे से शिक्षक मनोहर कागट सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीडि़त डांगियावास निवासी सुनील भाकर ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह अपने प्रतिष्ठान रिद्धि-सिद्धि स्वीट होम पर अपने भाई सुरेश और स्टाफ के साथ काम कर रहा था। रात करीब 11.15 बजे एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो में सरपंच पति शिवप्रकाश कागट पुत्र केसराम कागट,शिक्षक मनोहर कागट पुत्र अमराराम कागट,राकेश डांगी पुत्र छोगाराम डांगी और अशोक जाजड़ा पुत्र घेवरराम वहां पहुंचे।

शिवप्रकाश कागट ने पीडि़त के भाई से सिगरेट मांगी और पीडि़त को विश्वास में लेकर बात करने के बहाने साइड में खड़ी स्कॉर्पियो के पास ले गया। वहां पहले से घात लगाए बैठे अशोक जाजड़ा,राकेश डांगी और मनोहर कागट ने शिव प्रकाश के साथ मिलकर लोहे की रॉड और पास पड़े फावड़े से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में पीडि़त के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।

नाबालिग ने फंदा लगाया व खेजड़ी के पेड़ से गिरे बुजुर्ग की मौत

हमले के दौरान उनका एक अन्य साथी मुकेश भीचर भी मौके पर आ गया और मारपीट में शामिल हो गया। बीच- बचाव करने आए पीडि़त के भाई सुरेश भाकर और दुकान के स्टाफ रामचंद्र सुथार के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। आरोप है कि मारपीट के दौरान अशोक जाजड़ा ने पीडि़त और उसके भाई पर स्कॉर्पियो चढ़ाकर जान से मारने का भी प्रयास किया।

पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। गंभीर रूप से घायल सुनील को तत्काल इलाज के लिए बनाड़ रोड स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। पीडि़त का यह भी आरोप है कि घटना के तुरंत बाद शिवप्रकाश कागट के छोटे भाई शंकर कागट और सुरेंद्र कागट गाड़ी लेकर उनकी दुकान पर आए और एफआईआर दर्ज न करवाने के लिए धमकाया।