568 मतदान बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी 50 क्रिटिकल ग्राम पंचायतों पर रहेगी विशेष निगरानी
- पंचायतीराज चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट
- जोधपुर में पुलिस आयुक्त अंशुमान भोमिया ने ली अधिकारियों की ब्रीफिंग
- सुरक्षा के लिए 69 मोबाइल पार्टियां रहेंगी तैनात
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),568 मतदान बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी 50 क्रिटिकल ग्राम पंचायतों पर रहेगी विशेष निगरानी। पंचायतीराज चुनाव-2026 के द्वितीय चरण में स्वतंत्र,निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए जोधपुर पुलिस आयुक्तालय ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस आयुक्त अंशुमान भोमिया ने रिजर्व पुलिस लाइन, रातानाडा स्थित सरदार पटेल सभागार में वरिष्ठ सुपरवाइजरी एवं सुपरवाइजरी अधिकारियों की ब्रीफिंग ली।
इस दौरान अधिकारियों को मतदान से पहले, मतदान के दौरान और मतदान के बाद कानून- व्यवस्था बनाए रखने तथा राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदान केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों को उनकी ड्यूटी के संबंध में स्पष्ट रूप से ब्रीफ किया जाए। मतदाताओं के साथ शालीन व्यवहार रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की घटना होने पर तत्काल संबंधित सुपरवाइजरी अधिकारी और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी जाए।
पंचायत चुनावों में ड्रोन कैमरों से निगरानी
उन्होंने सभी अधिकारियों को सतर्कता व जिम्मेदारी के साथ चुनाव ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
568 मतदान बूथों पर रहेगी सुरक्षा व्यवस्था पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में पंचायतीराज चुनाव के तहत 201 ग्राम पंचायतों के 568 मतदान बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इनमें से 50 ग्राम पंचायतों के मतदान भवनों को क्रिटिकल श्रेणी में चिह्नित किया गया है।
इन संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
चुनाव के दौरान पांच स्तरीय पुलिस व्यवस्था लागू की गई है। सात पंचायत समितियों के लिए 7 अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त,13 सहायक पुलिस आयुक्त तथा पुलिस निरीक्षक स्तर के 28 अधिकारियों को नियोजित किया गया है।
इसके साथ ही चुनाव व्यवस्था पर निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए 69 मोबाइल पार्टियों का गठन किया गया है।
क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मुख्यालय गुमानाराम ने बताया कि प्रत्येक मतदान बूथ पर एक पुलिसकर्मी और एक होमगार्ड तैनात किया गया है। 50 क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर एक उप निरीक्षक अथवा सहायक उप निरीक्षक सहित चार कांस्टेबलों का अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। इनमें दो सशस्त्र पुलिसकर्मी भी शामिल रहेंगे।
संबंधित पुलिस अधिकारियों और मोबाइल पार्टी प्रभारियों को समय-समय पर मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने तथा तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के लिए कहा गया है।
असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों पर रहेगी नजर
पुलिस उपायुक्त जिला पश्चिम कमल शेखावत ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मतदान केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ रोकने,निर्धारित 100 और 200 मीटर की परिधि संबंधी दिशा- निर्देशों की पालना कराने तथा अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ईवीएम, मतपेटियों और मतपत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
पुलिस उपायुक्त जिला पूर्व मनीष चौधरी ने मोबाइल पार्टियों को चुनाव में व्यवधान उत्पन्न करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध शराब और हथियारों से संबंधित गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
पुलिस उपायुक्त मुख्यालय एवं यातायात शहीन सी.ने अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग की पंचायतीराज आम चुनाव-2026 की गाइडलाइन के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए।
28 और 30 अक्टूबर को सूखा दिवस
मतदान दिवस 28 एवं 30 अक्टूबर 2026 को घोषित सूखा दिवस की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान शराब की बिक्री और सेवन पर रोक संबंधी प्रावधानों की पालना कराई जाएगी तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पंचायत समिति रिजर्व पुलिस बल,संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त, थानाधिकारी,मोबाइल पार्टी और क्रिटिकल पंचायतों के रिजर्व प्रभारी अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मतदान दिवस एवं मतगणना के दौरान अधिकारियों को अपने उच्चाधिकारियों और संबंधित पुलिस सुपरवाइजरी अधिकारियों के लगातार संपर्क में रहकर चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए कहा गया है।
टीम भावना से काम करने के निर्देश
ब्रीफिंग के अंत में पुलिस आयुक्त अंशुमान भोमिया ने सभी अधिकारियों को टीम भावना,सतर्कता और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ चुनाव ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पंचायती राज चुनाव-2026 को स्वतंत्र,निष्पक्ष,शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना सुनिश्चित करें।
