जोधपुर: जेल के दरवाजे बंद आसाराम की एंट्री पर रोक,अगले ठिकाने को लेकर सस्पेंस बरकरार

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जोधपुर: जेल के दरवाजे बंद आसाराम की एंट्री पर रोक,अगले ठिकाने को लेकर सस्पेंस बरकरार। जोधपुर में यौन शोषण के मामले में सजायाफ्ता आसाराम एक बार फिर सुर्खियों में है। निर्धारित समय पर सेंट्रल जेल नहीं पहुंच पाने के कारण जेल प्रशासन ने आसाराम को जेल में प्रवेश देने से इनकार कर दिया।

एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद आसाराम सीधे सेंट्रल जेल के बाहर पहुंचे, लेकिन रात होने के चलते जेल के दरवाजे उनके लिए बंद रहे। जेल अधीक्षक प्रमोद सिंह ने इस पूरे मामले की पुष्टि की है।

568 मतदान बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी 50 क्रिटिकल ग्राम पंचायतों पर रहेगी विशेष निगरानी

दरअसल,राजस्थान हाईकोर्ट से 20 दिन की मेडिकल पैरोल मिलने के बाद आसाराम को मंगल वार शाम 5 बजे तक सेंट्रल जेल में सरेंडर करना था। बाद में उन्हें शाम 7:30 बजे तक की मोहलत दी गई थी। हालांकि,विमान से जोधपुर पहुंचने के बावजूद वे निर्धारित समय तक जेल नहीं पहुंच सके।

इसके बाद जब आसाराम जेल पहुंचे,तो जेल प्रशासन ने नियमों का हवाला देते हुए उन्हें प्रवेश देने से इनकार कर दिया। जेल प्रशासन के अनुसार, रात के समय किसी भी बंदी को जेल में प्रवेश देने की अनुमति नहीं है।

मामले में जेल प्रशासन ने आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रातानाडा पुलिस थाने को एफआईआर दर्ज करने के संबंध में तहरीर भेजी है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जेल में प्रवेश नहीं मिलने के बाद आसाराम रात कहां बिताएंगे और आगे क्या कदम उठाएंगे? फिलहाल,आसाराम के अगले ठिकाने को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। निर्धारित समय पर सरेंडर नहीं कर पाने के मामले में अब पुलिस और जेल प्रशासन की अगली कार्रवाई पर भी नजरें टिकी हैं।