प्रेमी जोड़ा प्लेटफॉर्म पर उतरा.. ट्रेन दौड़ गई पीछे छूट गया 10.76 लाख का बैग

  • नागौर में आरपीएफ ने ट्रेन रुकते ही शुरू की तलाश
  • नकदी-जेवर समेत पूरा सामान बरामद

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),प्रेमी जोड़ा प्लेटफॉर्म पर उतरा..ट्रेन दौड़ गई पीछे छूट गया 10.76 लाख का बैग। शादी के सपने लेकर घर से निकले प्रेमी जोड़े को मेड़ता रोड स्टेशन पर ट्रेन से उतरना भारी पड़ गया। दोनों प्लेटफॉर्म पर उतरकर बातचीत में मशगूल हुए और देखते ही देखते ट्रेन चल पड़ी। कुछ पल बाद जब बैग याद आया तो ट्रेन आंखों से ओझल हो चुकी थी। बैग में 10 लाख 76 हजार 30 रुपए नकद,जेवर और लाखों रुपए का कीमती सामान था। सूचना मिलते ही आरपीएफ सक्रिय हुई और नागौर पहुंचते ही उसी ट्रेन में बैग की तलाश शुरू कर दी।

तीन लड़कियां घर से और एक युवक कंपनी से लापता

घटना के अनुसार 19 वर्षीय युवक और 17 साल 8 माह की किशोरी जोधपुर से ट्रेन संख्या 19407 साबरमती- लालगढ़ एक्सप्रेस में सवार हुए थे। दोनों घर से बिना बताए शादी करने निकले थे। मेड़ता रोड पर उतरते समय उनका काला बैग सीट पर ही छूट गया। आरपीएफ मेड़ता रोड पोस्ट को इसकी सूचना मिली तो तत्काल नागौर आरपीएफ को अलर्ट किया गया।

ट्रेन के नागौर पहुंचते ही हेड कांस्टेबल भूरामल मय स्टाफ सामान्य कोच में पहुंचे। यात्रियों से पूछताछ करते हुए सीटों के आसपास तलाशी शुरू की गई। आखिरकार वही काला बैग मिल गया।

बैग खुला तो निकली लाखों की नकदी और जेवर
नागौर स्टेशन के बुकिंग कार्यालय में आरपीएफ एसआई रमेश कुमार,आरपीएफ स्टाफ तथा जीआरपी हेड कांस्टेबल नाथूलाल मय स्टाफ की मौजूदगी में बैग खोला गया। इसमें 10 लाख 76 हजार 30 रुपए नकद,चांदी जैसी धातु के चार सिक्के,दो बिछिया,एक घुघरी और सोने जैसी धातु की चार लांग मिलीं।

बैग में आईफोन-15 प्रो,स्मार्ट वॉच,पावर बैंक और चार्जर भी थे। इसके अलावा दो रेल टिकट, युवक के शैक्षणिक दस्तावेज,आधार कार्ड और आईफोन का 67 हजार 150 रुपए का बिल भी मिला। दोनों शादी करने निकले थे,दोनों की गुमशुदगी दर्ज थी।

समूची कार्रवाई प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) ज्योति कुमार सतीजा,वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) नीतीश शर्मा और सहायक सुरक्षा आयुक्त मुकेश कुमार के निर्देशन तथा मेड़ता रोड आरपीएफ निरीक्षक किशन सिंह की निगरानी में हुई। जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने आरपीएफ की सजगता और तत्परता की सराहना की।

दोनों के परिजनों ने दर्ज की थी थानों में गुमशुदगी
आरपीएफ ने परिजनों से संपर्क किया तो युवक की गुमशुदगी डांगियावास थाने में दर्ज मिली,जबकि किशोरी के पिता की शिकायत पर बनाड़ थाने में गुमशुदगी दर्ज थी। इसके बाद बनाड़ थाना पुलिस के उप निरीक्षक पुखराज मय स्टाफ मेड़ता रोड आरपीएफ पोस्ट पहुंचे। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों को बरामद बैग और सामान सहित पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

ट्रेन अपनी रफ्तार से निकल गई,लेकिन आरपीएफ की तत्परता ने प्रेमी जोड़े की 10.76 लाख रुपए की जमा-पूंजी और कीमती सामान को वापस उनके हाथों तक पहुंचा दिया।