पोते-पोतियों के साथ दादा-दादी ने भी दी परीक्षा

1.05 लाख से अधिक नवसाक्षरों ने दी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक मूल्यांकन परीक्षा

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),पोते-पोतियों के साथ दादा-दादी ने भी दी परीक्षा। नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक मूल्यांकन परीक्षा का आयोजन रविवार को जोधपुर एवं फलोदी जिले में सफलता पूर्वक किया गया। परीक्षा में दोनों जिलों ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल की। परीक्षा में कुल 1,05,347 नवसाक्षरों ने भाग लिया, जिनमें 66,411 महिलाएं एवं 38,936 पुरुष शामिल थे।

जोधपुर जिले के 22 ब्लॉकों,जिनमें 21 ग्रामीण एवं एक शहरी क्षेत्र शामिल है,में ग्राम पंचायत स्तर पर कुल 560 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए। परीक्षा में 15 वर्ष से लेकर 90 वर्ष तक की आयु के नवसाक्षरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कई परीक्षा केंद्रों पर विभिन्न पीढिय़ों की महिलाएं एक साथ परीक्षा देती नजर आईं, जो साक्षरता अभियान के प्रति समाज में बढ़ती जागरूकता एवं सहभागिता को दर्शाता है।

नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत कारागृहों में भी परीक्षा का आयोजन किया गया। जोधपुर केंद्रीय कारागृह में 34 पुरुष एवं 20 महिला बंदियों तथा पिचियाक जेल,बिलाड़ा में 10 पुरुष बंदियों ने परीक्षा में भाग लिया। कारागृह प्रशासन के सहयोग से इन केंद्रों पर परीक्षा का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया गया।

पंचायतीराज चुनाव को लेकर जिले में निषेधाज्ञा लागू

अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
जिला साक्षरता एवं सतत शिक्षा अधिकारी भरत कुमार पारीक ने सहायक परियोजना अधिकारी उम्मेदसिंह राजपुरोहित, पीयूष पुरोहित एवं अजय शर्मा के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा एवं मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी तथा नोडल प्रभारी मंजू शर्मा के निर्देशन में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों एवं पीईईओ द्वारा परीक्षा के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। प्रत्येक ब्लॉक के ब्लॉक समन्वयकों ने नवसाक्षरों के पंजीयन,प्रश्नोत्तर पुस्तिकाओं के वितरण तथा परीक्षा की मॉनिटरिंग का कार्य किया।

जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष से की गई प्रभावी मॉनिटरिंग
परीक्षा के सुचारू संचालन एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष संचालित किया गया। इसका संचालन सहायक सांख्यिकी अधिकारी भंवरलाल एवं सहायक प्रोग्रामर नम्रता जोशी ने किया। जिला साक्षरता एवं सतत शिक्षा अधिकारी भरत कुमार पारीक ने परीक्षा के सफल आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले स्वयंसेवी शिक्षकों, अधिकारियों,कर्मचारियों एवं आमजन का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि नवभारत साक्षरता कार्यक्रम का उद्देश्य साक्षरता से वंचित लोगों को बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान से जोडऩा है। उन्होंने सभी से इसी उत्साह के साथ साक्षरता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग का आह्वान किया।

Related posts: