कार का शीशा तोड़कर 2.50 लाख रुपए चोरी करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार
- विशेष टीम ने 24 घंटे में किया वारदात का खुलासा
- घटना में प्रयुक्त पैसेंजर टैक्सी जब्त
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),कार का शीशा तोड़कर 2.50 लाख रुपए चोरी करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार। रात्रि के समय घरों एवं सार्वजनिक स्थानों के बाहर खड़ी कारों के शीशे तोडक़र चोरी करने वाले तीन शातिर बदमाशों को जोधपुर पश्चिम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए नेहरू पार्क के पास खड़ी ब्रेजा कार का शीशा तोडक़र उसमें रखे 2.50 लाख रुपए चोरी करने की वारदात का 24 घंटे में खुलासा किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पैसेंजर टैक्सी भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार 1 अक्टूबर को सरदारपुरा निवासी रामस्वरूप प्रजापत ने पुलिस थाना सरदारपुरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उन्होंने अपनी मारुति ब्रेजा कार नेहरू पार्क के पास खड़ी की थी। कार में डैशबोर्ड के अंदर 2.50 लाख रुपए रखे हुए थे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद जब वे रात करीब 10.30 बजे वापस लौटे तो कार की आगे की सीट की तरफ का शीशा टूटा मिला। कार की जांच करने पर उसमें रखे रुपये और सामान गायब थे।
40.620 किलो डोडा- पोस्त के साथ आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस थाना सरदारपुरा में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी सहायता एवं मानवीय सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गांधी स्कूल के पीछे गुलाब बाग में रहने वाले जितेन्द्र पुत्र लक्ष्मी नारायण माली, आखलिया चौराहा बरकत खां कॉलोनी निवासी मोनू पुत्र संजु और प्रथम पुलिया सोमानी कॉलेज 6 नंबर गली निवासी मोहम्मद आमिर पुत्र तुराब अली को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त पैसेंजर टैक्सी भी जब्त कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
