भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस के मई में 14 ट्रिप रद्द
कनकपुरा यार्ड में तकनीकी काम
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस के मई में 14 ट्रिप रद्द।जयपुर मंडल के कनकपुरा रेलवे यार्ड में ट्रेनों के सुचारू संचालन के लिए लाइन नंबर 3 व 4 के बीच अतिरिक्त क्रॉसओवर का निर्माण किया जा रहा है। इस कार्य के चलते नॉन इंटरलॉकिंग ब्लॉक लिया गया है,जिससे भोपाल-जोधपुर- भोपाल एक्सप्रेस के आवागमन में कुल 14 ट्रिप रद्द किए गए हैं।
जोधपुर अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम ने बताया कि सुरक्षा और बेहतर संचालन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह कार्य किया जा रहा है। इसी कारण दोनों दिशाओं में इस ट्रेन के 7-7 ट्रिप पूरी तरह रद्द रहेंगे। निर्माण कार्य पूर्ण होते ही ट्रेन का संचालन फिर से नियमित कर दिया जाएगा,जिससे यात्रियों को राहत मिलेगी और ट्रेनों की समयबद्धता में भी सुधार होगा।
बीएल मीणा बने उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रधान वित्त सलाहकार
यह रहेगा असर
ट्रेन संख्या 14814,भोपाल- जोधपुर प्रतिदिन एक्सप्रेस भोपाल से 2,4,5,8 व 12 से 14 मई तक (कुल 7 ट्रिप) रद्द रहेगी।ट्रेन संख्या 14813,जोधपुर-भोपाल प्रतिदिन एक्सप्रेस जोधपुर से 2 से 4,7 व 11 से 13 मई तक (कुल 7 ट्रिप) संचालित नहीं होगी।
क्यों जरूरी है यह काम
रेलवे के अनुसार अतिरिक्त क्रॉस ओवर बनने से ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुगम होगी। प्लेटफॉर्म बदलने और रूट डायवर्जन में आसानी आएगी,जिससे भविष्य में देरी की समस्या कम होगी। नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के दौरान सिग्नलिंग सिस्टम को अस्थाई रूप से बंद कर सुरक्षित तरीके से नई व्यवस्था जोड़ी जाती है,इसलिए इस दौरान ट्रेनों का संचालन सीमित या रद्द करना आवश्यक होता है।
यात्रियों के लिए सलाह
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जांच अवश्य कर लें और वैकल्पिक व्यवस्था बनाकर यात्रा करें,ताकि असुविधा से बचा जा सके।
