कलक्टर ने किया पीएचईडी कार्यालय का औचक निरीक्षण

  • नियंत्रण कक्ष की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने तथा शिकायतों के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
  • पीएचईडी के कंट्रोल रूम से स्वयं नागरिकों से किया संवाद,लिया फीडबैक
  • 24 घंटे पर्याप्त स्टाफ तैनाती,गूगल शीट आधारित मॉनिटरिंग एवं वाट्सएप नंबर जारी करने के निर्देश

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),कलक्टर ने किया पीएचईडी कार्यालय का औचक निरीक्षण। जिला कलक्टर आलोक रंजन ने बुधवार को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसई (सिटी) कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आमजन से जुड़ी पेयजल समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने कार्यालय के अटेंडेंस रजिस्टर, संपर्क पोर्टल से संबंधित कार्य, कंप्लेन रजिस्टर तथा कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कंट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों की जांच करते हुए वहां अपनाई जा रही प्रक्रिया को और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

कंट्रोल रूम में आमजन की समस्याएं सुनी,दिए त्वरित समाधान के निर्देश
आलोक रंजन ने कंट्रोल रूम में स्वयं उपस्थित रहकर आमजन को कॉल कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

24 घंटे पर्याप्त स्टाफ तैनाती एवं मॉनिटरिंग व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
रंजन ने कंट्रोल रूम में 24 घंटे पर्याप्त स्टाफ की ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए,ताकि किसी भी समय आने वाली शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेकर समाधान किया जा सके। उन्होंने अधीक्षण अभियंता सिटी राजेंद्र मेहता को कंट्रोल रूम में अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती करने के निर्देश दिए।

पुरानी शिकायतों की भी समीक्षा, कॉल कर ली स्थिति की जानकारी
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने पूर्व में दर्ज शिकायतों के परिवादियों से स्वयं दूरभाष पर संपर्क कर उनकी समस्याओं के समाधान की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी शिकायतों की वर्तमान स्थिति का व्यक्तिगत रूप से फॉलोअप करने के निर्देश दिए, ताकि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण हो सके।

डिजिटल मॉनिटरिंग के लिए गूगल शीट पर डेटा संधारण के निर्देश
रंजन ने कंप्लेन रजिस्टर में दर्ज सभी शिकायतों के डेटा को गूगल शीट पर संधारित करने के निर्देश दिए,जिससे रियल टाइम मॉनिटरिंग एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।

फील्ड मॉनिटरिंग को सुदृढ़ करने के निर्देश
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि सभी फील्ड अधिकारी फील्ड में जाने से पूर्व अनिवार्य रूप से मूवमेंट रजिस्टर में अपनी प्रविष्टि दर्ज करें,जिससे कार्यों की पारदर्शी मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने सभी अतिरिक्त जिला कलक्टर,उपखण्ड अधिकारियों सहित समस्त प्रशासनिक अधिकारियों को प्रतिदिन फील्ड में जाकर पेयजल से संबंधित समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने तथा दैनिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

गंदे पानी एवं जलापूर्ति बाधित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि जहां गंदा पानी आ रहा है अथवा जहां जलापूर्ति पूर्णतः बाधित है, वहां प्राथमिकता से समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए।

अनुपस्थित कर्मचारियों को जारी होंगे कारण बताओ नोटिस
निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही रजिस्ट्रेशन शाखा सहित अन्य शाखाओं के कार्यों की भी समीक्षा की गई।

एसई (ग्रामीण) कंट्रोल रूम का भी किया निरीक्षण
रंजन ने एसई (ग्रामीण) के कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया तथा वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत पर मौके पर कौन गया,किस अधिकारी/कर्मचारी ने प्रार्थी से संपर्क किया तथा शिकायत का समाधान किस प्रकार किया गया? इसकी स्पष्ट जानकारी संधारित की जाए। उन्होंने प्रार्थियों से स्वयं बातचीत कर उनकी संतुष्टि के बारे में जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण के बाद फीडबैक लेना अनिवार्य किया जाए।

वाट्सएप नंबर जारी कर व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
रंजन ने शिकायतों के त्वरित पंजीकरण एवं समाधान के लिए एक समर्पित वाट्सएप नंबर जारी करने तथा उसका व्यापक प्रचार- प्रसार करने के निर्देश दिए,ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

संपर्क पोर्टल के रिलीफ प्रकरणों का सत्यापन एवं जल संरक्षण पर जोर
उन्होंने संपर्क पोर्टल के रिलीफ प्रकरणों का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा पेयजल के दुरुपयोग को रोकने एवं जल संरक्षण के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा। समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराएं तथा शिकायतों के त्वरित,पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

Related posts:

पानी की समस्या को लेकर टंकी पर चढ़े लोग: कूदने की चेतावनी

April 30, 2026

दिनदहाड़े घर से पांच लाख का सोना और तीन लाख की चांदी ले गए

April 30, 2026

बीकानेर पुलिस हिरासत से फरार आरोपी राइका बाग स्टेशन पर पकड़ा गया

April 30, 2026

जनगणना 2027 के लिए अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न

April 30, 2026

विवाह कार्यक्रम के लिए वाणिज्यिक गैस सिलेंडर आवंटन के लिए आवेदन प्रक्रिया निर्धारित

April 30, 2026

भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस के मई में 14 ट्रिप रद्द

April 30, 2026

बीएल मीणा बने उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रधान वित्त सलाहकार

April 30, 2026

26 जुलाई तक 27 ट्रिप और करेंगी 3 जोड़ी समर स्पेशल ट्रेनें

April 30, 2026

आयुर्वेद विश्वविद्यालय में लगाया रक्तदान शिविर

April 30, 2026