दीपावली और धनतेरस पर जोधपुर में बदलेगी यातायात व्यवस्था

  • 5 से 8 नवंबर तक रहेगा डायवर्जन
  • भीतरी शहर के बाजारों में वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध
  • रोडवेज बसों का रूट भी बदला

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),दीपावली और धनतेरस पर जोधपुर में बदलेगी यातायात व्यवस्था। धनतेरस,दीपावली और भाईदूज के त्योहारों को देखते हुए जोधपुर के भीतरी शहर एवं प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले आमजन और पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। यह व्यवस्था 5 नवंबर से 8 नवंबर 2026 तक प्रभावी रहेगी।

यातायात पुलिस की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार नई सडक़ से घंटाघर चौराहे की तरफ थ्री-व्हीलर टैक्सी तथा रूट नंबर 06 और 10 की सिटी बसों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। गिरधर मंदिर मोड़ से अंसल प्लाजा के पीछे होते हुए नई सडक़ की तरफ सभी वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा।

इसी प्रकार बाटा तिराहे से त्रिपोलिया बाजार और घास मंडी तिराहे की तरफ थ्री-व्हीलर टैक्सी का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सिटी पुलिस तिराहे से कंदोई बाजार की तरफ थ्री-व्हीलर टैक्सी और चौपहिया वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। हाथीराम का ओड़ा से साइकिल मार्केट होते हुए घंटाघर की तरफ भी थ्री-व्हीलर टैक्सी का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

टनकपुर में 14.25 करोड़ से बन रहा भव्य मीडिया सेंटर,भूमि पूजन के साथ निर्माण शुरू

रोडवेज बसों के लिए बदला रूट 
यातायात व्यवस्था के तहत रोडवेज बसों को सर्किट हाउस से पावटा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। बसें सर्किट हाउस से आर्मी तिराहा, रसाला ब्रिज और पावटा चौराहा होते हुए बस स्टेशन पहुंच सकेंगी। हालांकि आपातकालीन वाहनों के लिए किसी भी मार्ग पर डायवर्जन लागू नहीं होगा।

पार्किंग और बाजार व्यवस्था को लेकर अपील 
यातायात पुलिस ने आमजन,व्यापारियों और दुकानदारों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। भीतरी शहर में आने वाले लोग अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। व्यापारी और दुकानदार प्रतिष्ठानों का सामान सडक़ पर नहीं रखें तथा दुकानों के आगे यातायात बाधित करने वाले टेंट नहीं लगाएं।

सरदारपुरा बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों से गांधी मैदान में निर्धारित पार्किंग स्थल पर वाहन खड़े करने की अपील की गई है। साथ ही सरदारपुरा की बी और सी रोड पर वाहन पार्क नहीं करने की हिदायत दी गई है।

यातायात पुलिस ने त्योहारों के दौरान सुगम यातायात,आमजन की सुविधा और बाजारों में व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों से निर्धारित यातायात नियमों की पालना करने का आग्रह किया है।