पुलिस ने 526 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ तस्कर को पकड़ा
- नशे पर शिकंजा
- हत्याकांड के आरोपी द्वारा सप्लाई करना आया सामने
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),पुलिस ने 526 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ तस्कर को पकड़ा। शहर में नशा तस्करों व गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जोधपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस कमिश्नर शरद कविराज के निर्देश पर विवेक विहार थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 526 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
अजमेर जेल के प्रहरी से बाइक सवार बदमाश ने लूटा मोबाइल
पुलिस उपायुक्त पश्चिम कमल शेखावत के निर्देशन में विवेक विहार थानाधिकारी दिलीप खदाव के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने सीवरों की ढाणी काकेलाव निवासी विक्रम विश्नोई को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स बरामद की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद एमडी ड्रग्स की सप्लाई जोधपुर के चर्चित वासुदेव इसराणी हत्याकांड के आरोपी भोमाराम बिश्नोई उर्फ भीमसागर द्वारा की गई थी। उल्लेखनीय है कि वासुदेव इसरानी हत्याकांड में लॉरेंस गैंग के शूटरों और उनके साथियों पर फिरौती नहीं देने पर गोली मारकर हत्या करने का आरोप है।
पवन जांगिड़ को दी जानी थी सप्लाई
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी विक्रम विश्नोई यह एमडी ड्रग्स सजाड़ा लूणी निवासी पवन जांगिड़ को सप्लाई करने वाला था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस आरोपी से एमडी ड्रग्स के खरीद-फरोख्त नेटवर्क, सप्लायरों और संभावित ग्राहकों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
