एंटीबायोटिक का असर बचाने में हर परिवार की भूमिका-आईएमए जोधपुर
- इंडियन मेडिकल एसोसिएशनजोधपुर
विश्व रोगाणुरोधी प्रतिरोध जागरूकता सप्ताह 18-24 नवंबर
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),एंटीबायोटिक का असर बचाने में हर परिवार की भूमिका-आईएमए जोधपुर। विश्व रोगाणुरोधी प्रतिरोध जागरूकता सप्ताह के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) जोधपुर ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे एंटीबायोटिक केवल चिकित्सक की सलाह पर लें। आईएमए अध्यक्ष डॉ.सिद्धार्थ राज लोढ़ा ने कहा कि परिवार, स्कूल,दवा विक्रेता, स्थानीय संस्थाएँ और पशुपालक अपने स्तर पर दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग और संक्रमण की रोकथाम में योगदान दे सकते हैं।
आईआईटी जोधपुर में सब्जी व किराना सप्लायर से 42 लाख की धोखाधड़ी
रोगाणुरोधी प्रतिरोध क्या है?
डॉ.गोपाल बोहरा,संक्रमण रोग विशेषज्ञ, एम्स जोधपुर ने बताया, जब बैक्टीरिया,वायरस, फफूंद या परजीवियों पर उनके विरुद्ध इस्तेमाल की जाने वाली दवाओं का असर घट जाता है,तो इसे रोगाणुरोधी प्रतिरोध (AMR) कहते हैं।
एंटीबायोटिक प्रतिरोध इसका एक प्रकार है, जिसमें बैक्टीरिया पर एंटीबायोटिक का असर घट जाता है। ऐसे बैक्टीरिया दूसरे लोगों में भी फैल सकते हैं। इनके कारण होने वाले संक्रमणों का इलाज कठिन हो सकता है और अस्पताल में भर्ती की अवधि तथा इलाज का खर्च बढ़ सकता है। एंटीबायोटिक का अनावश्यक या गलत इस्तेमाल इस समस्या को बढ़ाता है।
घर और समुदाय में क्या करें?
1.आईएमए सचिव डॉ. प्रदीप जैन ने कहा कि आम जन हर बुखार, खाँसी या सर्दी-जुकाम में एंटीबायोटिक की मांग न करें। सामान्य सर्दी- जुकाम अक्सर वायरस से होता है। एंटीबायोटिक बैक्टीरिया के कुछ संक्रमणों के इलाज में काम आती हैं। दवा की जरूरत चिकित्सक तय करेंगे।
2.सही दवा,सही खुराक, सही तरीका और सही अवधि का पालन करें। चिकित्सक के निर्देश के अनुसार दवा लें। बेहतर महसूस होने पर खुद से दवा बंद न करें। आराम न मिलने पर भी अपने-आप दवा बदलने,खुराक बढ़ाने या अधिक दिनों तक लेने की जगह चिकित्सक से संपर्क करें।
3.डॉ.प्रभु प्रकाश, माइक्रोबायोलॉजी विभाग,डॉ. संपूर्णानंद मेडिकल कॉलेज ने समाज को सावधान किया कि पुरानी पर्ची या बची हुई दवा का इस्तेमाल न करें। एक जैसे लक्षणों के कारण अलग-अलग हो सकते हैं। अपनी एंटीबायोटिक किसी और को न दें और किसी दूसरे की दवा स्वयं या अपने बच्चे को न दें।
4.आईएमए कोषाध्यक्ष एवं यूरोलॉजिस्ट डॉ.अमित सिंघवी ने दवा विक्रेता से अपील की वे बिना पर्ची एंटीबायोटिक न दें। मरीज को उचित चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए कहें और पर्ची के अनुसार दवा लेने की जानकारी दें।
5.डॉ.विभोर टाक,माइक्रोबायोलॉजी विभाग,एम्स जोधपुर के अनुसार संक्रमण रोकने की शुरुआत घर से करें। खाना बनाने और खाने से पहले तथा शौचालय के इस्तेमाल के बाद साबुन से हाथ धोएँ। सुरक्षित पानी पिएँ,भोजन की स्वच्छता का ध्यान रखें, खाँसते या छींकते समय मुँह और नाक ढकें तथा अनुशंसित टीके समय पर लगवाएँ। संक्रमण कम होंगे तो एंटीबायोटिक की जरूरत भी कम होगी।
‘वन हेल्थ’ में पशुपालकों और स्थानीय संस्थाओं की भूमिका
आईएमए के अभियान का संदेश है ‘वन हेल्थ, साझा प्रयास-एएमआर की रोकथाम आज से। मनुष्यों,पशुओं और पर्यावरण का स्वास्थ्य एक-दूसरे से जुड़ा है। पशुपालक पशुओं को एंटीबायोटिक केवल पशु चिकित्सक की सलाह पर दें और पशुशालाओं में स्वच्छता का ध्यान रखें। बची हुई दवाएँ नाली या शौचालय में बहाने से बचें। उनके सुरक्षित निपटान का तरीका फार्मासिस्ट से पूछें।
आईएमए जोधपुर ने स्कूलों,पंचायतों,मोहल्ला समितियों और सामाजिक संस्थाओं से आग्रह किया है कि वे स्थानीय भाषा में परिवारों तक यह संदेश पहुँचाएँ। अभिभावक बैठकों और सामुदायिक कार्यक्रमों में हाथ धोने का सही तरीका बताया जा सकता है। इन अवसरों पर यह भी समझाया जा सकता है कि बच्चों को पहले की बीमारी में दी गई एंटीबायोटिक दोबारा देने से पहले चिकित्सकीय सलाह क्यों आवश्यक है।
विषय विशेषज्ञ
–डॉ.गोपाल बोहरा– विभागाध्यक्ष,संक्रामक रोग विशेषज्ञ,एम्स जोधपुर।
–डॉ. विभोर टाक– माइक्रोबायोलॉजी विभाग,एम्स जोधपुर।
–डॉ.प्रभु प्रकाश– माइक्रोबायोलॉजी विभाग,डॉ. सम्पूर्णानन्द मेडिकल कॉलेज, जोधपुर।
–डॉ.प्रदीप जैन-नवजात शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ,अध्यक्ष नेशनल नियोनेटोलॉजी फोरम जोधपुर।
Related posts:

लोक कला संस्कृति और परंपराओं का दिखा अनूठा संगम

श्रद्धापूर्वक मनाई देवउठनी एकादशी

गांव की सरकार के नतीजों ने भाजपा को दिया बड़ा सियासी झटका

आईआईटी जोधपुर में सब्जी व किराना सप्लायर से 42 लाख की धोखाधड़ी

बकाया 60 हजार रुपए मांगने पर मिली धमकी

नकली घी मामले में आरोपी को हाईकोर्ट से बड़ी राहत

सुरक्षा गार्डों से मारपीट कर सामान लूटने का आरोपी गिरफ्तार

