कन्हैयाल लाल हत्याकांड,दंगे और मंदिर तोड़ने जैसे काम अब जनता सहन नहीं करेगी-अमित शाह
- भाजपा के बूथ अध्यक्ष संकल्प महासम्मेलन में कांग्रेस पर गरजे केन्द्रीय गृहमंत्री
- बोले,जनता गहलोत सरकार से अब हिसाब मांग रही
- राहुल गांधी पर कसा तंज,उन्होंने कौनसी किताब पढ़ी है,भारत को राष्ट्र ही नहीं मानते
जोधपुर, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को यहां सूर्यनगरी के ऐतिहासिक दशहरा मैदान में भाजपा के विशाल बूथ अध्यक्ष संकल्प महा सम्मेलन को संबोधित किया और निकम्मी,भ्रष्टाचारी और मातृशक्ति का अपमान करने वाली कह कर अशोक गहलोत सरकार को जोरदार निशाने पर लिया। शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से पूछा, हमारे भाई कन्हैयालाल की निर्ममता से हत्या हुई,ये आप सहन कर लेंगे क्या? करौली की हिंसा को सहन करेंगे क्या? हिंदू त्योहारों पर प्रतिबंध लगाना सहन करेंगे क्या? अलवर में 300 साल पुराने मंदिर को तोड़ना सहन करेंगे क्या? उन्होंने कहा कि अब जनता गहलोत सरकार से हिसाब मांग रही है। इससे पहले गृहमंत्री अमित शाह ने भाजपा ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के समापन सत्र को भी सम्बोधित किया। उन्होंने मोर्चा कार्यकर्ताओं को केन्द्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर विस्तार से जानकारी दी।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए शाह ने कहा वे भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं लेकिन वे भारत को राष्ट्र ही नहीं मानते। पता नहीं उन्होंने कौनसी किताब पढ़ी है। शाह ने कहा, राजस्थान में तनोट मां के तीर्थ स्थान को मोदीजी ने 19 करोड़ रुपये खर्च करके एक बड़ा यात्रा धाम बनाने का निर्णय किया है। तनोट मां ने 1965-71 के युद्ध में हमारी पश्चिमी सीमाओं को सुरक्षित किया था। आज जिस प्रकार की राजस्थान में सरकार चल रही है, उससे सभी दुःखी हैं। राजस्थान में चल रही सरकार ने प्रदेश को विकास में कोसों पीछे ले जाने का कार्य किया है। अभी देश में कांग्रेस की दो सरकारें हैं। राजस्थान और छत्तीसगढ़। दोनों राज्यों का चुनाव वर्ष 2023 में है। इन दोनों राज्यों में अगर भाजपा सरकार बनती है तो कांग्रेस के पास कुछ नहीं बचेगा। उन्होंने जनता का आह्वान किया कि वे ये बची हुई शेष दो कांग्रेस सरकारें भी आने वाले चुनाव में उखाड़ फेंके।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर साधा निशाना
शाह ने कहा अभी-अभी राहुल बाबा, भारत जोड़ो यात्रा लेकर निकले हैं। राहुल बाबा विदेशी टी-शर्ट पहनकर भारत जोड़ने निकले हैं। मैं राहुल बाबा और कांग्रेसियों को उनका संसद में दिया एक भाषण याद दिलाता हूं। राहुल बाबा ने कहा था कि भारत राष्ट्र है ही नहीं। अरे राहुल बाबा,किस किताब में पढ़े हो आप? ये तो वो राष्ट्र है,जिसके लिए लाखों,लाख लोगों ने प्राणों की आहुति दे दी। कांग्रेस सरकार विकास का काम नहीं कर सकती है। रोड नहीं बना सकती, बिजली नहीं दे सकती,रोजगार नहीं दे सकती है। कांग्रेस सिर्फ वोटबैंक की तुष्टिकरण कर राजनीति कर सकती है।
गहलोत सरकार ने अंटशंट वादे किए, अब जनता मांग रही हिसाब
शाह ने कहा कि आपने पिछले कार्यकाल में वसुंधरा जी को मौका दिया। वसुंधरा राजे ने मुफ़्त इलाज की भामाशाह योजना शुरू की। आठ रुपये में भोजन कराया। टोल टैक्स से मुक्ति दिलाई। बिजली में सब्सिडी दी, जल स्वावलंबन योजना शुरू की। गौरव पथ से विकास को पहुंचाने का काम किया। किसानों के पचास हजार रुपये तक के कर्ज माफ किए। अनुसूचित जाति-जनजाति के लोगों का दो लाख का ऋण माफ किया। कुल मिलाकर राजस्थान को विकास के रास्ते में आगे बढ़ाया। शाह ने कहा कि गहलोत के घर से मैं बोल रहा हूं। पिछले चुनाव में अंट-शंट वादे किए। पांच साल होने को आए। अब जनता जवाब मांग रही है। दस दिन में किसानों का ऋण माफ किया या नहीं। बेरोजगारी भत्ता मिला या नहीं? 20 लाख युवाओं को रोजगार दिया या नहीं। गहलोत साहब दस प्रतिशत तक का रोजगार तो दिखा दो कहीं। वसुंधरा सरकार गई जब बेरोजगारी दर राजस्थान में 5.4 प्रतिशत थी, गहलोत सरकार ने बढ़ाकर 32 प्रतिशत करने का काम किया।
देश में सबसे महंगा पेट्रोल राजस्थान में
शाह ने कहा कि मोदी जी ने पेट्रोल पर टैक्स कम किया। राज्यों में भाजपा सरकारों ने अपना टैक्स कम किया, लेकिन राजस्थान में गहलोत जी ने नहीं किया। आज देश में सबसे महंगा पेट्रोल-डीजल राजस्थान में मिलता है। उन्होंने जनता से पूछा-मारवाड़ वालों हिसाब मांगोंगे या नहीं। सबसे महंगी बिजली कहीं मिलती है तो राजस्थान में मिलती है। इसके लिए गहलोत सरकार जिम्मेदार है। इसे उखाड़ फैंको।
गहलोत सरकार केवल तुष्टिकरण का काम करती है
शाह ने कहा कि हम आकर टैक्स भी कम करेंगे। बिजली के दाम भी कम करेंगे। गहलोत सरकार विकास का काम नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वोटों की राजनीति कर सकती है। हमारा भाई कन्हैयालाल मारा गया। निर्ममता से मारा गया। क्या हम उसे सहन करेंगे? करौली दंगे सहन करंगे? अलवर में तीन सौ साल पुराना मंदिर ढहाना सहन करेंगे क्या? उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता भाजपा की सरकार लाने को तैयार बैठी है। झालावाड़ में कृष्णा वाल्मीकि को पीट-पीटकर मार दिया गया। महंत विजयदास को खनन बंद कराने के लिए आत्मदाह करना पड़ा। चेतावनी देने के बावजूद भ्रष्ट गहलोत सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की।
राजस्थान में लॉ और ऑडर की नई परिभाषा
शाह ने कहा कि गहलोत सरकार की प्रशासन पर पकड़ नहीं। यहां लॉ एंड ऑर्डर नहीं है,बल्कि ‘लो और आर्डर करो’ है। आदिवासी महिलाओं पर अत्याचार बढ़ गए। केन्द्र की मोदी सरकार ने राजस्थान में 23 मेडिकल कॉलेज मंजूर किए, ट्रेन दी,रोड दी। मोदी जी ने देश को सुरक्षित,समृद्ध और शिक्षित करने का काम किया। उन्होंने आह्वान किया कि 24 में संसद के चुनाव में राजस्थान की सभी की सभी सीटें मोदी जी की झोली में डालनी है। इससे पहले राजस्थान में भी दो तिहाई बहुमत से भाजपा की सरकार बनानी है।
डबल इंजन की सरकार फिर से बनानी है – शेखावत
महासम्मेलन में केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि हमारी तपस्या एक लक्ष्य को लेकर है। पिछले चुनाव में भुलावे और धोखे से कांग्रेस सरकार बनी। अब साढ़े तीन साल से ज्यादा बीत जाने के बाद जनता ठगा हुआ महसूस कर रही है। महिलाअएं असुरिक्षत हैं और युवा सबसे ज्यादा बेरोजगार हैं। उन्होंने आह्वान किया कि कार्यकर्ता अब इस संकल्प के साथ जाएंगे कि अगले एक साल में राजस्थान में कमल खिलाकर नया इतिहास रचाएंगे। शेखावत ने कहा कि पिछली बार डबल इंजन की सरकार ने विकास के नए आयाम लिखे थे। अब केन्द्र में नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में विकास की नई परिभाषाएं लिखी जा रही हैं। सामान्य मानवीय के जीवन में परिवर्तन दिखाई दे रहा है। देश की प्रतिष्ठा बढ़ी है। सेना की शक्ति बढ़ रही है। अर्थव्यवस्था कुलांचे मार रही है। अब हमें डबल इंजन की सरकार बनानी है। इसके लिए अमित शाह जी हमारे बीच आए हैं। शेखावत ने कहा कि मारवाड़ के वीर दुर्गादास को साक्षी मानकर संकल्प लेकर जाएं कि आने वाले चुनाव में हम सब कमल 80 प्रतिशत खिलाएंगे। इस संभाग की 34 विधानसभाओं में कांग्रेस को खाता नहीं खोलने देना है।
2023 में कांग्रेस का खात्मा होगा और भाजपा का सूर्य उदय होगा- सतीश पूनिया
भारतीय जनत पार्टी राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष डॉ.सतीश पूनिया ने अमित शाह का स्वागत किया और कहा कि मारवाड़ की धरती राजस्थान की धरती वो धरती है जो सममस्याओं की छाती पर विकट परिस्थितियों में संघर्ष कर भाजपा का झण्डा बुलन्द करती है। प्रदेश का मुझे अध्यक्ष बनाकर जो सम्मान दिया वह राजस्थान के किसान का सम्मान है। कार्यकर्ता का सम्मान है। कार्यकर्ताओं की श्रम शक्ति के बलबूते पर 29 मार्च 2015 जब हिन्दुस्तान की भाजपा की डिजीटल घड़ी पर सदस्यता की गिनती की जा रही थी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी थी लेकिन आमित शाह जी के परिश्रम ने उनके विवेक में उनकी तार्किक व रणशैली में 29 मार्च, 2015 को भाजपा को विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनाकर खड़ा किया। 8 अगस्त, 2019 ध्यान होगा, सरदार पटेल की प्रतिमा किस तरह से ढृढता के साथ हिन्दुस्तान का एकीकरण किया। आपने कहा भले ही सत्ता चली जाये 370 को खत्म करके रहेंगे। उज्जवला योजना,आवास के जरिए प्रधानमंत्री किसान समान निधि के जरिए राजस्थान के 75 लाख किसानों का अभिनंदन करता हूं। आज उनके खाते 52हजार करोड़ रूपये डाले धन्यवाद।
राजस्थान शांति के लिये जाना जाता था लेकिन आज 6333 बलात्कार की घटनाएं 7 हत्याएं रोज होती हैं। राजस्थान के गृहमंत्री अशोक गहलोत को कहना चाहूंगा कि थोड़ी शिक्षा केन्द्रीय गृहमंत्री जी से ले लें कम से कम राजस्थान की मां-बहन की इज्जत बच जाती। मोदीजी व शाह से सिखिये। जिन्होंने 60 लाख किसानों के आंसुओं को पौछा है। उनकी जमीन निलाम हो गई,दर्जनों किसानों ने आत्महत्या कर ली। प्रदेशाध्यक्ष पूनिया ने कहा कि भाजपा के 600 बूथ के कार्यकर्ता कोरोना की लड़ाई में शहीद हो गए जिन्होंने सेवा संगठन के माध्यम से पराकाष्ठ का कार्य किया।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में प्रचण्ड बहुत से भाजपा की सरकार बने। इसके लिए परिश्रम की पराकाष्ठा तक काम करना होगा। प्रदेशाध्यक्ष पूनिया ने कहा कि अशोक गहलोत की कांग्रेस पार्टी जिन्दगी भर याद रखेगी 2023 में कांग्रेस पार्टी का सूर्य राजस्थान में हमेशा के लिये अस्त हो जाएगा। भाजपा का सूर्यउदय होगा। नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में बूथ अध्यक्ष अपने नेतृत्व के पराक्रम से प्रचण्ड बहुमत देगी।
गहलोत सरकार अपनी गलतियों छुपाने के लिये केन्द्र सरकार पर निशाना साधती है-वसुंधरा राजे
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने प्रदेश में पूर्ववर्ती भाजपा सरकार द्वारा किए गए कार्यों का उल्लेख किया और केन्द्र सरकार की योजनाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की और कहा कि भाजपा की रीड़ की हड्डी कहलाये जाने वाले कार्यकर्ता हैं भाजपा कार्यकर्ता मील के पत्थर हैं जिन्होंने भाजपा को शिखर तक पहुंचाने का काम किया है। गर्मी, धूप, बारिश,सर्दी हो पार्टी का काम करते हैं। 2014 में 2019 में में 25 की 25 सीटे भाजपा की झोली में डाली हैं। केन्द्र व भाजपा की राज्य सरकार को गांव-गांव,शहर- शहर के अन्दर बूथ तक पहुंचाने का काम भाजपा के कार्यकर्ताओ ने किया। उन्होंने कहाकि गहलोत सरकार अपनी गलतियां छुपाने के लिये बार-बार केन्द्र सरकार पर निशाना साधती है। कानून व्यवस्था पूर्णतः बिगाड़ने की व्यवस्था गहलोत सरकार ने की है। सरकार कब तक आंकड़ों को झूठा बताती रहेगी। पैसे दो तमाशा देखो। जनता के बीच में जाकर जनता से मिलना होगा। गहलोत सरकार को उखाड़ने का काम सबको मिलकर करना है।
बूथ सम्मेलन में अमित शाह का विशाल फूल माला व गगनचुम्भी नारों से भव्य स्वागत किया गया। केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने अमित शाह का वीर दुर्गादास राठौड़ की अश्वारूढ प्रतिमा भेंट की। महासम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ.सतीश पूनिया, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह,जोधपुर सांसद केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत, केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर,ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष सांसद के.लक्ष्मण, केन्द्रीय राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, पाली सांसद पूर्व मंत्री पीपी चौधरी, सांसद देवजी पटेल,सांसद सीपी जोशी, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अल्का गुर्जर,उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, संभाग प्रभारी भजनलाल शर्मा, सम्मेलन के प्रभारी पूर्व सांसद नारायण पंचारिया, राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत,ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.के.लक्ष्मण,शहर जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी,महापौर दक्षिण वनिता सेठ मंच पर मौजूद थे। बूथ सम्मेलन का संचालन उपनेता राजेन्द्र राठौड़ ने किया।
मंच ये भी थे मौजूद
प्रदेश उपाध्यक्ष प्रसन्न चंद मेहता, नारायण सिंह देव,ओम प्रकाश भडाना,केके विश्नोई,मनोहर पालीवाल,जगराम विश्नोई,मंशाराम परमार,आदूराम मेघवाल,महेश बी. चौहान,चन्द्रप्रकाश सारदा,नारायण सिंह राजपुरोहित,श्रवण सिंह राव, विधायक सूर्यकान्ता व्यास,पब्बाराम विश्नोई,जोगेश्वर गर्ग,हमीरसिंह भायल, छगन सिंह राजपुरोहित,पुष्पेन्द्र सिंह राणावत,जोराराम कुमावत,ज्ञानचंद पारख,शौभा चौहान,अविनाश गहलोत,क्षमाराम गरासिया,जगसीराम कोहली मंचासीन थे। इसी प्रकार मंच व्यवस्था में नरेश सुराणा,महेन्द्र मेघवाल करणीसिंह खींची,जगदीश धाणदिया,विजय राजोरिया,धनराज सोलंकी सहित अनेक कार्यकर्ता लगे थे।
दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें-http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews