Doordrishti News Logo

जेएनवीयू में 19 नवंबर को होगी राष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जेएनवीयू में 19 नवंबर को होगी राष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता। जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय में उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र,प्रयागराज,जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय एवं राष्ट्रीय कला मंच,जोधपुर के संयुक्त तत्वावधान में 18 से 20 नवंबर तक तीन दिवसीय अतुल्य भारत- मरुधरा कला संगम का आयोजन किया जाएगा।

इसके अंतर्गत युवा कलाकारों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 19 नवंबर को राष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित होगी। छात्र सेवा मंडल अध्यक्ष प्रो. ऋतु जौहरी ने बताया कि प्रतियोगिता सुबह 11 बजे ललित कला एवं चित्रकला विभाग में आयोजित की जाएगी। इसमें विद्यार्थी दो वर्गों में भाग ले सकेंगे। जूनियर वर्ग में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थी तथा सीनियर वर्ग में स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थी (अधिकतम आयु 30 वर्ष) भाग ले सकेंगे।

जोधपुर-हडपसर ट्रेनों का 21 मई तक साबरमती स्टेशन पर ठहराव

प्रतियोगिता के लिए चार विषय निर्धारित किए गए हैं,जिनमें अतुल्य भारत- भारत की सांस्कृतिक विरासत,विकसित भारत-परंपरा से प्रगति की ओर,अतुल्य राजस्थान-लोकजीवन एवं लोकसंस्कृति और मरुधरा की विरासत- प्रकृति,स्थापत्य एवं परंपरा शामिल हैं।

इन विषयों के माध्यम से प्रतिभागी भारतीय संस्कृति,लोककला, परंपराओं,आधुनिक विकास तथा राजस्थान की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को अपनी चित्रकला के माध्यम से प्रस्तुत कर सकेंगे। प्रो. जौहरी ने बताया कि प्रतियोगिता के दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

जूनियर वर्ग में प्रथम पुरस्कार 5,100 रुपए, द्वितीय 3,100 एवं तृतीय 2,100 रुपए निर्धारित है। सीनियर वर्ग में प्रथम पुरस्कार 11,000 रुपए, द्वितीय 5,100 एवं तृतीय 3,100 रुपए दिया जाएगा। प्रतियोगिता के लिए पेपर आयोजकों की ओर से उपलब्ध करवाया जाएगा,जबकि प्रतिभागियों को कलर एवं बोर्ड स्वयं लाना होगा।