गडरिया गैंग का हिस्ट्रीशीटर गिद्धिया गिरफ्तार
- पुलिस पर छोड़ा पालतू कुत्ता
- फिर भी टीम ने पकड़ा -तलवार व तीन वाहन जब्त
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),गडरिया गैंग का हिस्ट्रीशीटर गिद्धिया गिरफ्तार। जोधपुर ग्रामीण की जिला विशेष टीम (डीएसटी) और बोरूंदा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई को अंजाम देते हुए कुख्यात गडरिया गैंग के शातिर बदमाश और हिस्ट्रीशीटर गिरधरसिंह उर्फ गिद्धिया को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार तलवार और तीन संदिग्ध वाहन जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में विभिन्न थानों में तीन दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
ग्रामीण जिला पुलिस अधीक्षक पीडी नित्या ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि हिस्ट्रीशीटर गिरधरसिंह उर्फ गिद्धिया ग्राम रावनियाना में तलवार लहराकर ग्रामीणों को डरा-धमका रहा है। गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपालसिंह लखावत के निर्देशन व डीएसटी प्रभारी श्रवणकुमार भंवरिया के नेतृत्व में टीम ने आरोपी के घर की घेराबंदी कर दबिश दी।
महिला तस्कर गिरफ्तार 37 किलो डोडा-पोस्त बरामद
दबिश के दौरान आरोपी घर में तलवार के साथ चारपाई पर लेटा हुआ मिला। पुलिस टीम को देखते ही उसने खुद को बचाने के लिए अपना खतरनाक पालतू जर्मन डॉग पुलिस कर्मियों की तरफ छोड़ दिया और मौके से भागने का प्रयास किया लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने मौके से अवैध हथियार के रूप में इस्तेमाल की जा रही तलवार और तीन वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। बोरूंदा थाना पुलिस ने आरोपी गिरधरसिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
