खेल कौशल के साथ बिखरे लोक संस्कृति के रंग

  • 70वीं राज्य स्तरीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता
  • पांचवें दिन व्यक्तिगत मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम -सांस्कृतिक संध्या में राजस्थान की लोक कलाओं ने मोहा मन

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),खेल कौशल के साथ बिखरे लोक संस्कृति के रंग। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पुलिस लाइन, जोधपुर के तत्वावधान में गौशाला मैदान में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय 17 एवं 19 वर्षीय छात्र-छात्रा लॉन टेनिस प्रतियोगिता के पांचवें दिन शुक्रवार को व्यक्तिगत स्पर्धाओं के रोमांचक मुकाबलों ने खेलप्रेमियों में उत्साह का संचार किया।

प्रतियोगिता संयोजक अशोक शर्मा ने बताया कि विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह एवं खेल भावना के साथ मुकाबलों में भाग लिया।विद्यालय के उप प्राचार्य एवं प्रतियोगिता संयोजक राम प्रताप प्रजापत ने बताया कि खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल के साथ अनुशासन एवं खेल भावना का परिचय दिया। मीडिया प्रभारी एवं प्रधानाचार्य केसर सिंह राजपुरोहित ने बताया कि व्यक्तिगत स्पर्धाओं के मुकाबले कोऑर्डिनेटर डॉ.हरदीप सिंह एवं श्री संतोष विश्नोई के निर्देशन में आयोजित किए गए।

पंचायती राज जनप्रतिनिधि सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने किया संवाद

अंडर-19 बालिका वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में जयपुर की जान्हवी काजला ने अजमेर की सानवी,हनुमानगढ़ की यज्ञा ने गीतांजलि, पाली की अभिलाषा ने अजमेर की समया तथा पाली की आराधना ने जयपुर की तनुष्का को पराजित कर अगले चरण में प्रवेश किया। अन्य वर्गों के मुकाबले जारी रहे।

लोक संस्कृति की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
प्रतियोगिता के चौथे दिन शाम को गौशाला मैदान में पार्श्व इंटरनेशनल स्कूल के सहयोग से सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यकारी अधिकारी,जोधपुर आशीष मिश्रा मुख्य अतिथि रहे तथा संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा श्री हिम्मत सिंह तंवर ने अध्यक्षता की।

कार्यक्रम में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मंजू शर्मा,पार्श्व इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक एवं भामाशाह श्री नरेंद्र जैन,जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा प्रतिभा शर्मा, एडीपीसी रजनी शेखावत, एडीईओ विशाल शर्मा,उप जिला शिक्षा अधिकारी खेलकूद भूपेंद्र सिंह सोढ़ा तथा एसीबीई ओ जोधपुर शहर चंद्रशेखर दवे सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी,गणमान्यजन,खिलाड़ी एवं दर्शक उपस्थित थे।

सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी। छगन राज चौपासनी वाला राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय,जालोरी गेट की छात्राओं ने ‘आओ जी पधारो म्हारे देश’ गीत पर नृत्य प्रस्तुत कर राजस्थान की लोक संस्कृति एवं आतिथ्य परंपरा को जीवंत किया।राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय किसान कन्या की छात्राओं ने तेरह ताली नृत्य की प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।

बूंद-बूंद’ विषय पर प्रस्तुत सामूहिक नृत्य के माध्यम से सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। एमजीजीएस चैनपुरा के विद्यार्थियों ने नृत्य- नाटिका के माध्यम से राजस्थान के गौरवशाली इतिहास एवं वीरगाथाओं को मंच पर साकार किया। इसी विद्यालय के छात्र उज्ज्वल ने योगासन की प्रस्तुति देकर शारीरिक संतुलन, एकाग्रता एवं अनुशासन का संदेश दिया।

एमजीजीएस पुलिस लाइन की छात्राओं ने फ्यूजन नृत्य,पार्श्व इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने राजस्थानी नृत्य तथा झुंझुनूं की मानवी ने एकल नृत्य की प्रस्तुति दी। हनुमानगढ़ की टीम ने पंजाबी गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर सांस्कृतिक संध्या में देश की विविध लोक परंपराओं की रंगत जोड़ दी। विभिन्न प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों के साथ विद्यार्थियों का उत्साह वर्धन किया।

सहयोग के लिए पार्श्व इंटरनेशनल स्कूल का सम्मान
सांस्कृतिक संध्या के सफल आयोजन में सहयोग के लिए शिक्षा विभाग की ओर से पार्श्व इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक श्री नरेंद्र जैन का सम्मान किया गया। अतिथियों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने माला,साफा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका बहुमान किया। कार्यक्रम का संचालन रतन सिंह चंपावत एवं सुरेंद्र कुमार आर्य ने किया।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में आयोजक विद्यालय के स्टाफ सदस्य आभा चौधरी,प्रिया आनंद,लीन शर्मा,रवीना लॉरेंस, शीतल चौधरी, किरण चौधरी, नेहा मूंदड़ा एवं मधु यादव सहित अन्य कार्मिकों का सक्रिय योगदान रहा।