भजन संध्या में देर रात तक झूमे श्रद्धालु
- हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा नीलकंठ धाम
- अंतिम श्रावण सोमवार पर भव्य भजन संध्या एवं महाप्रसादी
- शिवभक्ति में सराबोर हुआ मंदिर परिसर
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),एम्स रोड स्थित श्रीनीलकंठ महादेव मंदिर में श्रावण माह के सोमवार पर आस्था,भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। गादीपति महंत बालकनाथ (मोनी बाबा) के सानिध्य में दिनभर विशेष पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
शाम को आरती के पश्चात महाप्रसादी का आयोजन हुआ,जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्रद्धा पूर्वक प्रसादी ग्रहण की। रात्रि में आयोजित भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायक संजय पंचारिया, धीरजा राजपुरोहित एवं सुशील वैष्णव ने भगवान शिव की भक्ति से ओतप्रोत भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
भजनों की मधुर स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे तथा मंदिर परिसर लगातार गूंजते ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से शिवमय हो उठा।
श्रावण मास के प्रथम सोमवार से अंतिम सोमवार व महाशिव रात्रि के अवसर पर गोरमघाट पाली,तुरनाल मध्य प्रदेश, खेड़ापा,लवेरा बावड़ी एवं जोधपुर स्थित श्रीनीलकंठ महादेव मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किए जाते हैं।
भाईचारे के संदेश के साथ मनाया रक्षाबंधन पर्व
यह धार्मिक परंपरा इन सभी मंदिर-मठों के गादीपति एवं मठाधीश ब्रह्मलीन कैलाशवासी योगी परशुनाथ से जुड़ी हुई है,जिसे महंत बालक नाथ के मार्गदर्शन एवं सान्निध्य में आगे बढ़ाया जा रहा है। श्रावण के अंतिम सोमवार के अवसर पर पांचों धामों में एक साथ श्रद्धा एवं भक्ति के साथ धार्मिक आयोजन हुए।
नीलकंठ महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया,जो देर रात तक जारी रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान नीलकंठ महादेव के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए मंगलकामना की। आयोजन को लेकर मंदिर कमेटी,भक्त-भाविकों,भामाशाहों एवं कार्यकर्ताओं की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गईं।
