पंचायत समिति प्रभारियों की बैठक में चुनावी तैयारियों पर मंथन
फील्ड में सर्वे कर संभावित प्रत्याशियों के नाम जुटाने और बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने के निर्देश
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),पंचायत समिति प्रभारियों की बैठक में चुनावी तैयारियों पर मंथन। आगामी पंचायत समिति एवं जिला परिषद चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा देहात कार्यालय, बीजेएस जोधपुर में पंचायत समिति प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पंचायत एवं जिला परिषद चुनाव प्रभारी रविंद्र सिंह बालावत,जिला संगठन प्रभारी घनश्याम डागा, देहात जिलाध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी,सह चुनाव प्रभारी आनंद सिंह भाटी, सहित विभिन्न पंचायत समितियों के प्रभारी एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में आगामी चुनावों की तैयारियों,क्षेत्रवार संगठन की स्थिति,फील्ड सर्वे, संभावित प्रत्याशियों के नाम जुटाने तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
चुनाव प्रभारी रविंद्र सिंह बालावत ने कहा कि पंचायत एवं जिला परिषद चुनावों में जमीनी स्तर की सक्रियता महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने पंचायत समिति प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से प्रवास कर कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं आमजन से संवाद करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की स्थिति और कार्यकर्ताओं की सक्रियता का प्रत्यक्ष आकलन कर उसकी रिपोर्ट संगठन को उपलब्ध कराई जाए।
भाजपा ने की पंचायत समिति प्रभारियों की नियुक्ति
जिला संगठन प्रभारी घनश्याम डागा ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि पंचायत चुनावों में कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय और सक्रियता पार्टी की मजबूती का आधार बनेगी। उन्होंने प्रभारियों को नियमित बैठकें आयोजित कर बूथ से पंचायत स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के निर्देश दिए। देहात जिला अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी ने संभावित प्रत्याशियों के चयन के लिए व्यापक एवं निष्पक्ष फीडबैक जुटाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और आमजन से संवाद कर क्षेत्र में पार्टी के लिए मजबूत एवं स्वीकार्य चेहरों की जानकारी संगठन तक पहुंचाई जाए।
बैठक में प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक फील्ड सर्वे करने के निर्देश दिए गए। सर्वे के दौरान संभावित प्रत्याशियों के नाम,पार्टी की स्थिति,कार्यकर्ताओं की सक्रियता,स्थानीय राजनीतिक समीकरण, प्रमुख जनसमस्याओं तथा आमजन की राय की जानकारी जुटाने को कहा गया। संभावित प्रत्याशियों के संबंध में स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं आमजन के फीडबैक को भी रिपोर्ट में शामिल करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि पंचायत समिति प्रभारी केवल कार्यालय स्तर तक सीमित नहीं रहें, बल्कि नियमित रूप से अपने क्षेत्र में प्रवास कर संगठन की वास्तविक स्थिति का आकलन करें। उन्हें निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुसार समयबद्ध तरीके से सर्वे पूरा कर रिपोर्ट संगठन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ये प्रभारी मौजूद रहे लूणी विधानसभा क्षेत्र में लूणी से शशि प्रकाश प्रजापत,मंडौर पवन आसोप,धवा महेन्द्र तंवर, केरू घनश्याम वैष्णव तथा झंवर इन्द्रा राजपुरोहित,ओसियां सिकंदर बक्स, तिवरी करणीसिंह खींची, समराऊ अशोक व्यास, हतूंडी जगदीश धाणदिया तथा उम्मेदनगर धुरेन्द्र मेघवाल भोपालगढ़ (एससी) विधानसभा क्षेत्र ज्ञानाराम रिणवा तथा बावड़ी प्रतिपाल सिंह वालेचा,बिलाड़ा राजेन्द्र बोहरा,पिपाड़ शहर नवरतन मल सिंघवी, कापरड़ा लक्ष्मीनारायण सोलंकी तथा सालवा खुर्द शैलेन्द्र शेरगढ़ चौनसिंह इन्दा,सेखाला कमलेश पुरोहित,बालेसर ज्ञानेश्वर भाटी,चामू ओमप्रकाश दैया,चाबा भंवरलाल दैया तथा आगोलाई नरेश सुराणा, जिला संयोजक राजेन्द्र जांगिड,सह- संयोजक जयकिशन पंचारिया,जिला महामंत्री शिवराम ग्वाला,यशपाल गोधा,सुमित्रा विश्नोइ उपस्थित थे।
बैठक में भाजपा नेताओं ने कहा कि आगामी पंचायत एवं जिला परिषद चुनावों में संगठन की मजबूती पार्टी की सबसे बड़ी ताकत होगी। इसके लिए बूथ स्तर से पंचायत स्तर तक मजबूत टीम तैयार करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आमजन से निरंतर संपर्क बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सभी प्रभारियों से पूरी गंभीरता, सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया गया।
