Doordrishti News Logo

अधिस्वीकृत पत्रकारों की निःशुल्क बस यात्रा में आ रही बाधा

रोडवेज प्रबंध निदेशक को लिखा पत्र

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),अधिस्वीकृत पत्रकारों की निःशुल्क बस यात्रा में आ रही बाधा। राजस्थान के अधिस्वीकृत पत्रकारों को रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा में आ रही परेशानी को लेकर राजस्थान पत्रकार संस्थान ने मोर्चा खोल दिया है। संस्थान के अध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार नरेन्द्र कुमार लोढ़ा ने राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक पुरुषोत्तम शर्मा को पत्र लिखकर पूरे राजस्थान और दिल्ली तक की यात्रा को सुचारू रूप से बहाल करने की मांग की है।

पत्र में बताया गया है कि राज्य सरकार द्वारा वर्षों से अधिस्वीकृत पत्रकारों को समाचार पत्र के संबंधित कार्य के लिए राजस्थान रोडवेज की सभी तरह की बसों में संपूर्ण राजस्थान और दिल्ली तक की यात्रा पूर्ण रूप से निःशुल्क दी जा रही है। यह सुविधा पत्रकारों के कार्य को सुगम बनाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। लेकिन पिछले कुछ समय से संस्थान को लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि कई डिपो में दिल्ली तक के टिकट और आरक्षण नहीं किए जा रहे हैं।

आईटीआई में लगी आग कंप्यूटर और फर्नीचर जलकर राख

इससे अधिस्वीकृत पत्रकारों को अपने कार्य के दौरान काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई पत्रकारों को दिल्ली तक की यात्रा के लिए टिकट से वंचित किया जा रहा है। राजस्थान पत्रकार संस्थान ने प्रबंध निदेशक से निवेदन किया है कि इस शिकायत की जांच करवाई जाए और जयपुर,जोधपुर सहित राज्य के सभी डिपो में पुनः अधिस्वीकृत पत्रकारों के हित में संपूर्ण राजस्थान और दिल्ली तक की यात्रा के लिए निःशुल्क टिकट और आरक्षित टिकट जारी करने के शीघ्र आदेश जारी किए जाएं।

नरेन्द्र कुमार लोढ़ा ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और उन्हें दी जा रही सुविधाओं में कटौती नहीं होनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई है कि रोडवेज प्रशासन इस मामले में शीघ्र सकारात्मक कार्यवाही कर राज्य के समस्त पत्रकारों को राहत प्रदान करेगा।