bjp-will-make-25-youth-icons-from-each-division-gehlot

प्रत्येक मण्डल से 25 यूथ आईकन्स बनायेगी भाजपा-गहलोत

  • नए मतदाताओं से भाजपा करेगी सम्पर्क व पंजीयन संवाद
  • नव-मतदाता अभियान के तहत घर-घर पहुंचेगी भाजपा-देवेन्द्र जोशी
  • प्रत्येक बूथ पर 100 मतदाताओं को जोड़ेगी भाजपा-सुभाष गहलोत

जोधपुर,भारतीय जनता पार्टी आगामी चुनाव के दृष्टिगत नव-मतदाता संपर्क अभियान के तहत घर-घर जाकर आमजन से रूबरू होगी। नव मतदाता सम्पर्क अभियान के तहत सिंधु भवन में भाजपा जोधपुर शहर जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी के नेतृत्व में मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं की एक कार्यशाला का आयोजन किया गया।

इस कार्यशाला में भाजपा जोधपुर शहर जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी, जैतारण विधायक अविनाश गहलोत, नव-मतदाता सम्पर्क अभियान के संभागीय संयोजक सुभाष गहलोत, जिला महामंत्री महेन्द्र मेघवाल,डॉ. करणीसिंह खींची,नवमतदाता अभियान के जिला संयोजक विजय व्यास,सह-संयोजक जितेन्द्र कुमार ने कार्यकर्ताओ का मार्गदर्शन किया।

भाजपा संभाग मीडिया प्रभारी जगदीश धाणदिया ने बताया कि विधानसभा चुनाव,2023 एवं लोक सभा चुनाव,2024 में भाजपा ऐतिहासिक बहुमत प्राप्त करने के लक्ष्य को निर्धारित करते हुए नव मतदाता सम्पर्क अभियान के तहत नए मतदाता से सम्पर्क पंजीयन, संवाद,करेगी और भाजपा की विचार धारा से जोड़ते हुए संगठन को मजबूत करने का कार्य नव मतदाता सम्पर्क अभियान के माध्यम से करने जा रही है। कार्यशाला का संचालन जिला महामंत्री महेन्द्र मेघवाल ने किया एवं धन्यवाद नव-मतदाता अभियान के जिला संयोजक विजय व्यास ने किया।

ये भी पढ़ें- केंद्रीय कारागार में कैदी की संदिग्ध मौत

अभियान के तहत आयोजित कार्यशाला को भाजपा शहर जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की और कहा कि राजस्थान में 5 करोड़ से अधिक मतदाता हैं तथा यह संख्या तीव्र गति से बढ़ रही है। 5 वर्ष में सम्पूर्ण प्रदेश में 50-60 लाख नव-मतदाता सूची में पंजीकृत होते हैं और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

भाजपा एक जिम्मेदारी राजनीतिक पार्टी होने के नाते नव-मतदाता सम्पर्क अभियान के माध्यम से नए मतदाताओं को जागरूक करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का काम आगामी दिनों में करने जा रही है। जिसके दृष्टिगत जोधपुर शहर में नव-मतदाता सम्पर्क अभियान तीन चरणों में चलाया जायेगा। जिसमें प्रथम चरण में सभी मण्डलों में एक साथ प्रारम्भ किया जायेगा। द्वितीय चरण में मण्डल में स्थित राजकीय एवं प्राईवेट शिक्षण संस्थानों इत्यादि में चलाया जायेगा। तृतीय चरण में बूथ पर सम्पर्क करके नव-मतदाताओं को जोड़ा जायेगा।

जैतारण विधायक अविनाश गहलोत ने कहा कि नव-मतदाता सम्पर्क अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा प्रत्येक बूथ पर 100 नव-मतदाताओं का नाम जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके पश्चात उनसे संवाद कर भाजपा की विचारधारा से रूबरू करने का आह्वान किया। वर्ष 2001 से 2007 के बीच जन्म लेने वाले सभी युवाओं को नव-मतदाता अभियान के माध्यम से पंजीयन करवाया जायेगा। प्रत्येक मण्डल से 25 यूथ आईकन्स का चयन कर नव-मतदाता सम्पर्क अभियान से जोड़ा जायेगा एवं 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष में एक दिन में सर्वाधिक नव-मतदाताओं के नाम पार्टी के डेटाबेस में पंजीयन करने के निर्देश दिये गये।

ये भी पढ़ें-रुपये भेजने के नाम पर 42 हजार की ठगी,रिफंड करवाए रुपए

नव-मतदाता सम्पर्क अभियान के संभागीय संयोजक सुभाष गहलोत ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि नव-मतदाता अभियान के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर 100 नव-मतदाताओं को तथा ऐसे युवा जो आगामी विधानसभा व लोकसभा चुनाव तक अपने मत का उपयोग करेंगे,का नाम पार्टी के डेटाबेस में संकलित करने नव- मतदाताओं को राष्ट्रहित में मतदान करने के लिये प्रोत्साहित करेंगे। इस अभियान को सफल बनाने के लिये प्रदेश स्तर पर इसकी संरचना बनायी गई है जिसमें जिला स्तर पर संयोजक, सह-संयोजक सहित एक महिला कार्यकर्ता को इसमें शामिल किया गया है। इसके पश्चात विधानसभा स्तर पर भी एक संयोजक, सह-संयोजक के साथ महिला कार्यकर्ता को शामिल किया गया।

इसी प्रकार मण्डल स्तरीय संरचना में नव-मतदाता अभियान के लिये मण्डल स्तर पर एक संयोजक, सह-संयोजक एवं भाजयुमो से एक संयोजक,सह-संयोजक को इस कार्य के लिये जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिनके द्वारा तीन चरणों में चलाये जाने वाले इस अभियान के तहत प्रत्येक चरण के पश्चात समीक्षा बैठक आयोजित की जायेगी जो मण्डल पर अभियान को गति देने का कार्य करेगी।

इस कार्यशाला में मण्डल अध्यक्ष मनीष परिहार,सुनिल कुमार भाटी, भवानी प्रताप सिंह शेखावत, महेन्द्र छंगाणी,भुपेन्द्र राज सिंघवी,माधोसिंह परिहार,श्याम सुन्दर गौड़,हेमंत जायनानी,ताराचंद गहलोत,भेरूदास वैष्णव,रफीक लौहार, भंवरलाल दैया, अनिल वैष्णव, बुद्धिप्रकाश दाधीच, नरेन्द्र फितानी,अजय जोशी,जितेन्द्र सोनी, रविन्द्र पारीक, सुमन कच्छवाह, उमेश छंगाणी,विपिन सोलंकी,गोपाल सिंह,कालूदास वैष्णव,राजेश बोहरा, मोहम्मद आसिफ,खुशाल सिंह जोधा, जय पारीक,धीरज चौहान,आलोक चौरड़िया,संजय सोनी, पूजा सुराणा, हरेन्द्र रिणवा,प्रताप सिंह सोलंकी, प्रभुराम प्रजापत,दिनेश जांगिड़, अंकित सोलंकी, देवेन्द्र गवारिया, प्रतीक व्यास,सुमेर सिंह भाटी,पंकज भाटी,धीरेन्द्र सोंलंकी, सुरजीत सिंह राजपुरोहित, सुनिल तेजी उपस्थित थे।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें- http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews