Doordrishti News Logo

विवेक विहार में मकान का ताला तोड़कर चोरी, तीन आरोपी पकड़े

  • एक का पैर टूटा
  • पड़ोसियों की सजगता से चोर दबोचे
  • चोरी के आभूषण व सामान बरामद

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),विवेक विहार में मकान का ताला तोड़कर चोरी,तीन आरोपी पकड़े। शहर के विवेक विहार स्थित एन सेक्टर में मकान का ताला तोडक़र चोरी करने पहुंचे तीन लोगों को पड़ोसियों की सजगता से पकड़ लिया गया। सूचना मिलने पर विवेक विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के बताए गए आभूषण, पेन ड्राइव सहित अन्य सामान बरामद किया।

पुलिस के अनुसार मकान मालिक अशोक विश्नोई 1 अक्टूबर को अपने परिवार के साथ पैतृक गांव सदराम की बेरी, बाड़मेर गए हुए थे। तब रात करीब 3.30 बजे तीन व्यक्ति मकान का दरवाजा तोडक़र अंदर घुसे और सामान लेकर जाने लगे। पड़ोसी जुगल किशोर को आवाज सुनाई दी तो उन्होंने बाहर आकर अन्य पड़ोसियों को बुलाया।

नकबजन छत के रास्ते से भागने लगे,एक का पैर टूटा 
रिपोर्ट के अनुसार लोगों के इकट्ठा होने पर तीनों आरोपी छत के रास्ते भागने लगे। पड़ोसियों ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पूछताछ में आरोपियों ने एक अन्य साथी के छत से कूदकर भागने की जानकारी दी। पुलिस ने तलाश की तो तीसरा आरोपी मकान के पीछे गली में गाय के बाड़े के पास कांटों की आड़ में छिपा मिला। पुलिस के अनुसार छत से कूदने के दौरान उसका पैर टूट गया था।

चोरी का सामान मिला 
मौके पर तलाशी के समय उसके पास से अंगूठी,पेन ड्राइव व आर्टिफिशियल आभूषण सहित अन्य सामान मिला। पुलिस ने बरामद सामान मकान मालिक के साडू अशोक कुमार को सुपुर्द किया, जिन्होंने फोन पर मकान मालिक से सामान की पहचान करवाई। मामले में विवेक विहार थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया। जांच सहायक उप निरीक्षक महेश कुमार द्वारा की जा रही है।

इन्हें किया गया गिरफ्तार 
पुलिस ने कुम्हारियां कुआं कसाइयों का बास खांडा फलसा निवासी सद्दाम उर्फ कालू भाटी और चडवों की गली खांडा फलसा निवासी मो. नासिर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के तीसरे साथी की तलाश जारी है।