Doordrishti News Logo

गलत खाते में चली गई पेंशन की राशि लौटाने के आदेश

सेवानिवृत्त शिक्षक को मिली राहत

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),गलत खाते में चली गई पेंशन की राशि लौटाने के आदेश। राजस्थान हाईकोर्ट ने सेवानिवृत्त शिक्षक रामलाल चेजारा के पक्ष में महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए गलत बैंक खाते में जमा हुई 10 लाख 10 हजार 983 रुपए की पेंशन राशि 30 दिन के भीतर उनके सही बैंक खाते में स्थानांतरित करने के आदेश दिए हैं।

मामले के अनुसार,राम लाल चेजारा सीकर जिले के नीमकाथाना स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय मल्हार जोहला में शिक्षक ग्रेड तृतीय के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उन्होंने पेंशन के लिए अपने बैंक खाते की सही जानकारी उपलब्ध कराई थी, लेकिन लिपिकीय त्रुटि के कारण सितंबर 2024 से दिसंबर 2024 तक चार माह की पेंशन राशि गलत खाते में जमा हो गई। इसमें 1 लाख 41 हजार 845 रुपए और 8 लाख 69 हजार 138 रुपए सहित कुल 10 लाख 10 हजार 983 रुपए की राशि शामिल थी।

इसके बाद कोषाधिकारी सीकर और निदेशक, पेंशन एवं पेंशनर्स कल्याण विभाग जयपुर की ओर से 13 फरवरी 2026 और 29 मई 2026 को संबंधित ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक को पत्र लिखकर राशि वापस भेजने के निर्देश दिए गए। हालांकि, बैंक ने जवाब दिया कि जिस खाते में राशि जमा हुई है, उस खाताधारक की सहमति के बिना पैसा वापस नहीं किया जा सकता। इसके बाद सेवानिवृत्त शिक्षक ने अधिवक्ता गुलाब सिंह नरुका के माध्यम से राजस्थान हाईकोर्ट में एसबी सिविल रिट याचिका दायर की।

चिकित्सक समुदाय की गरिमा से जुड़े मामले में नोटिस जारी

मामले की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि केवल राशि गलत खाते में जमा हो जाने के कारण किसी व्यक्ति को उसके वैध सेवानिवृत्ति लाभों से वंचित नहीं किया जा सकता। जिस व्यक्ति को ऐसी राशि प्राप्त हुई है, जिसका वह कानूनी रूप से हकदार नहीं है, उसे अपने पास रखने की अनुमति नहीं दी जा सकती। खाताधारक की सहमति नहीं मिलने को पेंशन की वैध राशि रोकने का आधार नहीं बनाया जा सकता।

अदालत ने संबंधित बैंक के शाखा प्रबंधक सहित सभी अधिकारियों को आवश्यक सत्यापन कर 10 लाख 10 हजार 983 रुपए की पूरी राशि शिक्षक के बैंक ऑफ बड़ौदा स्थित सही खाते में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आदेश की प्रमाणित प्रति प्राप्त होने के 30 दिनों के भीतर पूरी प्रक्रिया संपन्न करने को कहा है।