अनंत चतुर्दशी पर धूमधाम से हुआ गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन
- आदर्श नगर में निकली गणपति शोभायात्रा
- गोधूलि वेला में किया विसर्जन
- गणपति बाप्पा मोरिया जगल वर्ष तू जल्दी आ.. के नारों से गूंजा क्षेत्र
- चित्र बनाओ-इनाम पाओ,चित्रकला प्रतियोगिता के बच्चों को किया पुरस्कृत
- दिनभर शहर की सड़कों और सरोवरों पर रही गणपति विर्सजन की धूम
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),अनंत चतुर्दशी पर धूमधाम से हुआ गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन। गणेश चतुर्थी से शुरू हुए दस दिवसीय गणपति महोत्सव का समापन शुक्रवार को अनन्त चतुर्दशी पर हुआ।शहर के चौहा.बोर्ड स्थित आदर्श नगर में गणपति विसर्जन से पूर्व जुलूस निकाला गया। आयोजन समिति के अनुसार अनन्त चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शाम को किया गया। आयोजन समिति के तत्वावधान में चल रहा भगवान गणपति महोत्सव आज सम्पन्न हो गया। दिन में भजनों का आयोजन हुआ। उसके पश्चात अपराह्न चार बजे से गणपति की पूजा अर्चना के बाद क्षेत्र में बाजे गाजे के साथ शोभा यात्रा निकाली गई। घर घर शोभा यात्रा का स्वागत किया गया। कैलाश असीरी परिवार ने अपने घर के आगे शोभा यात्रा में शामिल लोगों का शीतल पेय की मनवार की।

मंदिर पार्क में शोभायात्रा सम्पन्न हुई और विधि विधान के साथ गणपति को विसर्जित किया गया। उसके बाद आरती हुई। आरती के बाद चित्रकला के प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कृत किया गया। जिसमें प्रथम पुरस्कार अदिति सिंह 306 अंक,द्वितीय अपूर्वा अग्रवाल 250 अंक तथा तृतीय पुरस्कार मयंक अग्रवाल 241अंक के साथ विजेता रहे। इन्हें कॉलोनी के प्रख्यात रंग कर्मी एलएन भटनागर ने नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। चित्रकला प्रतियोगिता के सभी प्रतिभागियों को आयोजन समिति के गिरधर केशवानी तथा प्रख्यात कवि दिनेश सिंदल की ओर से पुरस्कृत किया गया। इसी के साथ बारह दिवसीय गणपति महोत्सव संपन्न हो गया।
गणपति को लगाया छप्पन भोग
इससे पूर्व गणपति महोत्सव पर गणपति को छप्पन भोग लगाया गया। क्षेत्र की महिलाओं ने अपने हाथों से विभिन्न व्यंजन बना कर गणपति को भोग लगाया। विधि विधान से पूजन कर आरती की गई। इस अवसर पर महिलाओं ने भजन कीर्तन से माहौल भक्तिमय बना दिया। महिलाओं ने भजनों पर आकर्षक नृत्य कर सभी का ध्यानाकर्षण किया। आरती के पश्चात सभी को छप्पन भोग की परसादी वितरित की गई।
शहर भर में विभिन्न स्थानों व घरों में विराजित गणपति बप्पा की प्रतिमाओं को श्रद्धापूर्वक विदाई और इको फ्रेंडली प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। गणपति विसर्जन के दौरान सुबह से ही घरों व गली-गली में गणपति बप्पा मोरया की गूंज सुनाई देने लग गई। युवाओं व महिलाओं की टोलियों ने गाजे-बाजे के साथ गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन किया। शहर के प्राचीन जलाशय गुलाबसागर के पास नगर निगम द्वारा बनाए गए अस्थाई वॉटर टैंक पर प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इन्तजाम किए गए थे।
जोधपुर शहर के विभिन्न कॉलोनियों,बस्तियों व मोहल्लों में मनाए जा रहे गणपति महोत्सव के समापन पर अनंत चतुर्दशी पर सुबह से ही मूर्ति विसर्जन के लिए ढोल की थाप और गणपति बप्पा मोरया के जैकारों की गूंज सुनाई देने लग गई। उत्साह से लबरेज लोग अलग- अलग अंदाज में बप्पा को विदा देने निकल पड़े। ये लोग विभिन्न वाहनों की मदद से जलाशयों तक पहुंचे। डीजे की धुनों पर थिरकते युवाओं और महिलाओं ने रवानगी से पूर्व गणपति की विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान गणपति विसर्जन के समय शहरभर की पुलिस को अलर्ट किया गया।
जलाशयों व मार्गों से निकलने वाली गणपति यात्रा के मद्देनजर पुलिस का माकूल बंदोबस्त किया गया। कई लोग बाकायदा शोभायात्रा के रूप में गणपति प्रतिमा को ट्रैक्टर ट्रॉली,लोडिंग टैक्सियों,खुली जीपों पर सजाकर डीजे की धुनों पर नाचते-गाते हुए सरोवरों तक पहुंचे। हर तरफ गणपति बप्पा के भजनों की स्वर लहरियां सुनाई दे रही थी।
बुजुर्ग महिला की टांके में डूबने से मौत
शहर में मुख्य रूप से गुलाब सागर के पास नगर निगम द्वारा बनाए गए अस्थाई वॉटर टैंक में प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। गणेश महोत्सव समिति, मौहल्ला विकास समितियों व धार्मिक समितियों की ओर से स्थापित अधिकांश प्रतिमाएं अपने-अपने क्षेत्र से जालोरी गेट पहुंची। यहां गणेश प्रतिणाओं की पूजा अर्चना और प्रतिमाओं को लगाने वाले आयोजकों का शिवसेना की ओर से स्वागत किया गया।
इसके बाद जालोरी गेट से शोभायात्रा निकाली गई। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे गणेश महोत्सव का समापन भी गणपति प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ हो गया। इधर अनंत चतुर्दशी पर्व पर महिलाओं ने सौभाग्य की रक्षा,ऐश्वर्य की प्राप्ति के लिए व्रत रखा और और वैष्णव भक्त अनंत भगवान के रूप में विष्णु का पूजन किया। इसके साथ ही भक्तों की ओर से अनन्त चतुर्दशी का उपवास व उद्यापन किया गया।
गुलाब सागर पर बनाया अस्थाई वॉटर टैंक
अनंत चतुर्दशी के अवसर पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर नगर निगम की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई। गुलाब सागर में इस वर्ष सफाई एवं अन्य कार्यों के चलते पानी खाली होने के कारण निगम ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वैकल्पिक विसर्जन व्यवस्था की। आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि गुलाब सागर पर नगर निगम की ओर से 8 फीट चौड़ा, 20 फीट लंबा और 4 फीट ऊंचा अस्थाई वॉटर टैंक तैयार किया गया। यहां श्रद्धालुओं द्वारा लाई गई गणपति प्रतिमाओं को जल स्नान करवाने की व्यवस्था रही। इसके बाद नगर निगम के ट्रैक्टरों के माध्यम से प्रतिमाओं को नांदड़ी गौशाला ले जाया गया,जहां उनके विसर्जन की व्यवस्था की गई।
