जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत में अब 20 कोच
- यात्री क्षमता में 910 सीटों की बढ़ोतरी
- वेटिंग से मिलेगी राहत
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत में अब 20 कोच। जोधपुर से दिल्ली कैंट के बीच संचालित होने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस अब नए और विस्तारित स्वरूप में यात्रियों को सेवा देगी। आठ डिब्बों से बढ़ाकर 20 डिब्बों वाली नई रैक संरचना के साथ ट्रेन का नियमित संचालन रविवार 24 मई से प्रारंभ होगा।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद यात्रियों को पहले की तुलना में कहीं अधिक सीटें उपलब्ध होंगी,जिससे लंबे समय से चली आ रही वेटिंग की समस्या में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन संख्या 26481/26482 जोधपुर- दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस की रैक संरचना में व्यापक परिवर्तन किया गया है। अब ट्रेन में दो एसी एग्जीक्यूटिव चेयर कार,16 एसी चेयर कार तथा दो ड्राइवर पावर कार सहित कुल 20 डिब्बे होंगे।
PM मोदी ने 51 हजार युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र
उन्होंने जानकारी दी कि नई संरचना में 78 सीट क्षमता वाले 16 एसी चेयर कार डिब्बे तथा 52 सीट क्षमता वाले दो एसी एग्जीक्यूटिव चेयर कार लगाए गए हैं। इसके साथ ही ट्रेन की कुल यात्री क्षमता 530 से बढ़कर सीधे 1440 हो गई है। यानी यात्रियों के लिए 910 अतिरिक्त सीटों की व्यवस्था की गई है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार,नई 20 कोच संरचना लागू होने के बाद विशेष रूप से जयपुर और दिल्ली कैंट के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। लगातार बढ़ती मांग और लंबी वेटिंग सूची को देखते हुए यह निर्णय महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने जोधपुर रेलवे स्टेशन पर उद्घाटन स्पेशल वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
