Doordrishti News Logo

पेयजल संकट प्रबंधन के लिए प्रशासन सतर्क

  • ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अतिरिक्त जलापूर्ति
  • नहरी जलापूर्ति के साथ टैंकरों से नियमित आपूर्ति

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),पेयजल संकट प्रबंधन के लिए प्रशासन सतर्क। गर्मी के मौसम में पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। विभाग द्वारा नहरी जलापूर्ति के साथ-साथ आवश्यकता वाले क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से अतिरिक्त पेयजल उपलब्ध करवाया जा रहा है,जिससे आमजन को राहत मिल सके।

कलक्टर व पुलिस आयुक्त ने की जलापूर्ति की समीक्षा

वर्तमान में जोधपुर ग्रामीण क्षेत्र में प्रतिदिन लगभग 155 टैंकरों द्वारा 470 टैंकर ट्रिप करके औसतन 150 ग्रामों एवं 300 ढाणियों को जल परिवहन द्वारा लाभान्वित किया जा रहा है।

अधीक्षण अभियंता,जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग जिला वृत्त ने बताया कि ग्राम भाचरणा में वर्तमान जनसंख्या 2127 है,जहां कुल जल मांग 149 केएल है। जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्य पूर्ण होने के बाद 471 घरों में घरेलू नल कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं। गांव में नियमित नहरी जलापूर्ति के अतिरिक्त 22 केएल क्षमता के 2 टैंकर ट्रिप प्रतिदिन संचालित किए जा रहे हैं।

इसी प्रकार ग्राम सालावास में 8636 जनसंख्या के लिए लगभग 604 केएल जल मांग के अनुरूप व्यवस्थाएं की जा रही हैं। यहां जल जीवन मिशन के तहत 1668 घरों तक नल कनेक्शन पहुंचाए जा चुके हैं तथा 27 जोनों के माध्यम से नियमित नहरी जलापूर्ति की जा रही है।

ग्राम धुन्धाडा में 7885 जनसंख्या के लिए 552 केएल जल मांग के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। यहां 340 घरेलू नल कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं तथा अतिरिक्त पेयजल उपलब्ध कराने हेतु 28 केएल क्षमता के 3 टैंकर ट्रिप संचालित किए जा रहे हैं।

विभाग द्वारा मथानिया क्षेत्र में भी सप्ताह में दो बार नियमित नहरी जलापूर्ति की जा रही है। इसके अतिरिक्त अंतिम छोर पर स्थित घरों एवं बस्तियों में आवश्यकता अनुसार 5 केएल क्षमता के टैंकरों से जलापूर्ति सुनिश्चित की गई है। जटिया बस्ती सहित अंतिम छोर की कॉलोनियों में भी नियमित जलापूर्ति एवं अतिरिक्त टैंकर व्यवस्था की गई है।

इसी क्रम में पीपाड़ शहर में 7 से 8 दिनों के अंतराल से नहरी जलापूर्ति की जा रही है। साथ ही अंतिम छोर पर स्थित कॉलोनियों एवं कसाइयों का वास क्षेत्र में प्रतिदिन टैंकरों के माध्यम से अतिरिक्त पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। शहर की विभिन्न कॉलोनियों में नियमित आपूर्ति के अतिरिक्त प्रतिदिन टैंकर ट्रिप संचालित कर आमजन को राहत प्रदान की जा रही है।

उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा सभी संवेदनशील क्षेत्रों की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त टैंकर एवं वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि गर्मी के मौसम में आमजन को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।