कलक्टर व पुलिस आयुक्त ने की जलापूर्ति की समीक्षा

  • आमजन को निर्बाध पेयजल उपलब्ध करवाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता: जिला कलक्टर
  • पानी चोरी एवं अवैध कनेक्शनों पर होगी सख्त कार्यवाही
  • टैंकरों की संख्या बढ़ाने एवं नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
  • पुलिस एवं पीएचईडी के संयुक्त समन्वय से होगी प्रभावी कार्रवाई
  • टैंकर डायवर्जन,पानी के दुरुपयोग एवं अवैध जल दोहन पर प्रशासन सख्त

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),कलक्टर व पुलिस आयुक्त ने की जलापूर्ति की समीक्षा। जिले में आमजन को सुचारू एवं निर्बाध पेयजल उपलब्ध करवाने तथा पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक प्रभावी व पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से रविवार को जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट आलोक रंजन व पुलिस आयुक्त शरत कविराज ने पुलिस आयुक्तालय के मीटिंग हॉल में संयुक्त समीक्षा बैठक ली।

जयपुर में लगी रेलवे की त्वरित न्याय अदालत

बैठक में जिले में वर्तमान पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, संभावित संकटग्रस्त क्षेत्रों, टैंकर संचालन,अवैध जल दोहन,पानी चोरी तथा समर कंटिंजेंसी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में जिला कलक्टर आलोक रंजन ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान आमजन को पर्याप्त एवं समयबद्ध पेयजल उपलब्ध करवाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए तथा जलापूर्ति व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जहां भी आवश्यकता महसूस हो,वहां तत्काल प्रभाव से अतिरिक्त टैंकर लगाए जाएं तथा जरूरत अनुसार टैंकरों की संख्या बढ़ाई जाए।

पानी चोरी एवं अवैध कनेक्शनों पर होगी सख्त कार्रवाई
जिला कलक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पेयजल चोरी करने वालों एवं अवैध कनेक्शन संचालित करने वालों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि अवैध जल दोहन एवं अनधिकृत कनेक्शनों के कारण आमजन की पेयजल आपूर्ति प्रभावित होती है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस विभाग एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को संयुक्त समन्वय से नियमित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पेयजल का सदुपयोग करने की अपील
बैठक में जिला कलक्टर ने आमजन से भी अपील की कि वर्तमान ग्रीष्मकालीन परिस्थितियों को देखते हुए पानी का विवेकपूर्ण एवं आवश्यकतानुसार उपयोग करें तथा पानी की अनावश्यक बर्बादी से बचें। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण एवं जिम्मेदार उपयोग से ही सभी क्षेत्रों में संतुलित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकती है।

टैंकर संचालन एवं रूट मॉनिटरिंग के दिए निर्देश
जिला कलक्टर आलोक रंजन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेयजल टैंकरों के निर्धारित रूट की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी स्थिति में टैंकरों का अनधिकृत डायवर्जन नहीं होना चाहिए। टैंकर संचालन व्यवस्था पूर्णतः पारदर्शी हो तथा संबंधितों की जवाबदेह तय होनी चाहिए ताकि जरूरतमंद क्षेत्रों तक समय पर पेयजल पहुंच सके।

उन्होंने हाइड्रेंट्स पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

पुलिस विभाग एवं पीएचईडी संयुक्त रूप से करेंगे कार्रवाई
बैठक में पुलिस आयुक्त शरत कविराज ने पेयजल आपूर्ति एवं टैंकर संचालन से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों एवं नियंत्रण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि पेयजल चोरी एवं अवैध जल परिवहन को रोकने के लिए अलग-अलग संयुक्त टीमें गठित कर विभिन्न क्षेत्रों में नियमित जांच एवं चेकिंग अभियान संचालित किए जाएं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था एवं पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए तथा टैंकर संचालन एवं जल वितरण व्यवस्था से संबंधित शिकायतों पर त्वरित प्रतिक्रिया दी जाए।

बूस्टर पम्प एवं समर कंटिंजेंसी कार्यों की समीक्षा
बैठक में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार बूस्टर पम्प की व्यवस्था की गई है। साथ ही समर कंटिंजेंसी के तहत स्वीकृत कार्यों की प्रगति से भी अवगत करवाया गया।

जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि समर कंटिंजेंसी के अंतर्गत संचालित सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध पूर्ण किया जाए तथा जलापूर्ति व्यवस्था से जुड़े प्रत्येक कार्य की सतत समीक्षा की जाए ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।

बैठक में नगर निगम आयुक्त राहुल जैन,मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद आशीष कुमार मिश्रा,जिला पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण पीडी नित्या,डीसीपी मुख्यालय शाहीन, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के मुख्य अभियंता देवराज सोलंकी सहित पुलिस विभाग,पीएचईडी विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।