5.38 करोड़ का अवैध डोडा पोस्त पकड़ा

ट्रक का चालक पुलिस को देखकर गाड़ी छोड़ भागा -तलाश जारी

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),5.38 करोड़ का अवैध डोडापोस्त पकड़ा। फलोदी जिले की जिला स्पेशल टीम ने नाकाबंदी में मादक पदार्थ तस्करी की बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 5 करोड़ 38 लाख का अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। एक ट्रक को जब्त किया गया,मगर उसका चालक ट्रक को छोडक़र भाग निकला। पुलिस अब चालक का नाम पता जुटाने के प्रयास में लगी है। ट्रक से 35 क्विंटल 92 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ है।

स्कूल व्याख्याताओं के पदस्थापन पर लगाई रोक

पुलिस अधीक्षक फलोदी सतनाम सिंह ने बताया कि वांछित अपराधियों के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला विशेष टीम फलोदी व पुलिस थाना चाखू ने संयुक्त कार्रवाई करते हुऐ पुलिस थाना चाखू के बूंगड़ी में एक ट्रक में परिवहन किये जा रहे 3592.300 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया। बरामद अवैध डोडा पोस्त की अंतराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 5,38,80,000 आंकी गई है।

रात्रि में डीएसटी प्रभाारी एएसआई प्रदीप को संदिग्ध ट्रक आने की सूचना मिली। जिस पर चाखू थानाधिकारी प्रेमाराम को सूचित किया गया। डीएसटी फलोदी बूंगड़ी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान एक संदिग्ध ट्रक के चालक ने डीएसटी को गश्त करते देखकर ट्रक को खड़ा कर भाग गया।

सीओ फलोदी अचलसिंह देवड़ा मौके पर पहुंचे। मौके पर चालक नहीं मिलने व ट्रक संदिग्ध होने पर थाना जाब्ता व डीएसटी द्वारा तुरंत चालक की तलाश की। मगर काफी दूर तक धोरों में तलाश करने के बावजूद भी ट्रक चालक नहीं मिला। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें भरे प्लास्टिक के कट्टों में डोडा पोस्त भरा हुआ मिला। ट्रक में परिहवन किए जा रहे कुल 3592.300 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया गया।