कलेक्टर ने किया जलदाय विभाग के कन्ट्रोल रूम का निरीक्षण

  • शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर किया सीधा संवाद
  • फीडबैक लिया

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),कलेक्टर ने जलदाय विभाग के कन्ट्रोल रूम का किया निरीक्षण। जिला कलक्टर आलोक रंजन ने गुरुवार को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग नगर वृत जोधपुर के कन्ट्रोल रूम का निरीक्षण कर पेयजल संबंधी शिकायतों के निस्तारण व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कन्ट्रोल रूम में प्रतिदिन प्राप्त होने वाली शिकायतों,उनके निस्तारण की स्थिति एवं शिकायतों के समाधान में लगने वाले समय का विस्तृत अवलोकन किया।

महिलाओं को दी उद्यमिता व स्वरोजगार की जानकारी

निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा निस्तारित प्रकरणों में शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर सीधे संवाद कर फीडबैक भी लिया। उन्होंने शिकायत कर्ताओं से वार्ता कर यह सुनिश्चित किया कि परिवादों का समाधान संतोषजनक रूप से किया गया है या नहीं। कन्ट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने कन्ट्रोल रूम में कार्यरत कार्मिकों, कन्ट्रोल रूम प्रभारी अधिशाषी अभियंता एवं सहायक अभियंता से चर्चा कर वर्तमान व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बढ़ती शिकायतों एवं वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए शिकायत निस्तारण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए अतिरिक्त कार्मिक लगाने के निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि आमजन को पेयजल संबंधी समस्याओं के समाधान अनावश्यक प्रतीक्षा नहीं करनी पड़े तथा प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

नहरबंदी के दौरान जल संरक्षण की अपील
जिला कलक्टर आलोक रंजन ने वर्तमान नहरबंदी की स्थिति के दृष्टिगत आमजन से जल का विवेकपूर्ण एवं मितव्ययी उपयोग करने की अपील की।उन्होंने कहा कि जल एक अमूल्य संसाधन है तथा वर्तमान परिस्थितियों में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह पानी की अनावश्यक बर्बादी रोकते हुए प्रशासन एवं विभाग का सहयोग करे, ताकि सभी क्षेत्रों में सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

जोधपुर शहर में पेयजल संबंधी शिकायतें दर्ज करवाने के लिए पीएचईडी कन्ट्रोल रूम में दूरभाष नम्बर 0291-2651710, 0291-2651711 एवं 8279101959 कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त व्हाट्सएप के माध्यम से भी दूरभाष नम्बर 8279101914 पर शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।

Related posts: