200 कर्मचारियों व चिकित्सकों ने सीखी आग बुझाने की तकनीक
उम्मेद अस्पताल में फायर सेफ्टी वीक के तहत मॉक ड्रिल
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),200 कर्मचारियों व चिकित्सकों ने सीखी आग बुझाने की तकनीक। शहर के उम्मेद चिकित्सालय में अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत एक विशाल फायर मॉक ड्रिल और ट्रेनिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अस्पताल के अधीक्षक डॉ.मोहन मकवाना के नेतृत्व में आयोजित इस मॉक ड्रिल में अस्पताल के करीब 200 कर्मचारियों,अधिकारियों और चिकित्सकों को आपात स्थिति से निपटने और आग बुझाने का विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में उम्मेद अस्पताल के ऑडिटोरियम में सभी कर्मचारीयों को प्रशिक्षण दिया गया। जिसमे स्टाफ को बताया गया कि आग लगने पर बिना घबराए त्वरित कार्रवाई कैसे करनी है,किस प्रकार की आग पर कौन सा अग्निशमन यंत्र इस्तेमाल करना है, और वार्ड में भर्ती मरीजों को सुरक्षित तरीके से कैसे बाहर निकालना है एवं अग्नि सुरक्षा से जुड़े बचाव के तरीके सिखाए गए। इसके बाद सभी ‘असेंबली पॉइंट’ पर इकट्ठे हुए। वहां सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करते हुए सभी का ‘हेड काउंट’ किया गया और इस मॉक ड्रिल के मुख्य उद्देश्य व आपातकालीन प्रोटोकॉल के बारे में विस्तार से समझाया गया।
स्वगणना अभियान ने पकड़ी रफ्तार
आग बुझाने का हुआ लाइव डेमो
इसके उपरांत मुख्य मॉक ड्रिल शुरू की गई। प्रशिक्षित फायरमैन ने आग लगाकर उसे बुझाने के सही और सुरक्षित तरीके बताए। इस दौरान कर्मचारियों को विशेष रूप से एलपीजी (गैस सिलेंडर) और सामान्य, दोनों तरह की आग पर काबू पाने की ट्रेनिंग दी गई। फायरमैन के प्रदर्शन के बाद उपस्थित चिकित्सकों एवं समस्त नर्सिंग स्टाफ ने भी खुद अग्निशमन यंत्र चलाकर आग बुझाने का ‘लाइव डेमो’ किया ताकि वे वास्तविक परिस्थितियों के लिए पूरी तरह तैयार रह सकें।
ये थे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण मॉक ड्रिल और प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल नेतृत्व अस्पताल अधीक्षक डॉ. मोहन मकवाना ने किया। इस अवसर पर उनके साथ डॉ.शशि व्यास (उप अधीक्षक),डॉ.संदीप चौधरी,डॉ.सरोज मौर्या,रुकमणी रावल(नर्सिंग अधीक्षक), प्रमिला (कार्यवाहक नर्सिंग अधीक्षक) सहित बड़ी संख्या में अन्य चिकित्सक,नर्सिंग स्टाफ व कर्मचारीगण उपस्थित थे।
