जोधपुर में 310 लाभार्थियों को मिला नियुक्ति-पत्र
- पीएम विकसित भारत रोजगार योजना
- पीएम मोदी ने देशभर में बांटे ₹2,400 करोड़
जोधपुर(दूरदृष्टिन्यूज), जोधपुर में 310 लाभार्थियों को मिला नियुक्ति-पत्र। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PM- VBRY) के तहत देशभर के 15 लाख से अधिक लाभार्थियों को ₹2,400 करोड़ की प्रोत्साहन राशि वितरित की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विज्ञान भवन,नई दिल्ली से डीबीटी के माध्यम से यह राशि जारी की।
इसी क्रम में श्रम एवं रोजगार मंत्रालय द्वारा काजरी (CAZRI) ऑडिटोरियम,जोधपुर में क्षेत्रीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत मुख्य अतिथि,विधायक अतुल भंसाली व पूर्व महापौर घनश्याम ओझा विशिष्ट अतिथि थे।
310 प्रतिभागियों ने की भागीदारी
कार्यक्रम में 196 लाभार्थी,58 नियोक्ता,उद्योग संघों के प्रतिनिधि,जनप्रतिनिधि व ईपीएफओ अधिकारी सहित करीब 310 लोगों ने भाग लिया। क्षेत्रीय भनि.आयुक्त-।। सुरेंद्र कुमार मीणा ने स्वागत उद्बोधन दिया।इस दौरान नियोक्ताओं ने नव- नियोजित कर्मचारियों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए। कर्मचारियों व नियोक्ताओं ने योजना के तहत मिलने वाले प्रोत्साहन लाभों की सराहना की।
क्या है PM-VBRY योजना
प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना एक रोजगार- आधारित प्रोत्साहन (ELI) योजना है। इसका उद्देश्य औपचारिक रोजगार को बढ़ावा देना है।
कर्मचारियों को लाभ
पहली बार औपचारिक क्षेत्र में नौकरी पाने वाले पात्र युवाओं को एक माह के वेतन के बराबर, अधिकतम ₹15,000 तक की राशि दी जाएगी।
नियोक्ताओं को लाभ:- अतिरिक्त रोजगार सृजित करने वाले नियोक्ताओं को प्रति अतिरिक्त कर्मचारी ₹3,000 प्रति माह तक का प्रोत्साहन दो वर्षों तक मिलेगा। विनिर्माण क्षेत्र के लिए यह चार वर्षों तक जारी रहेगा।
क्षेत्रीय भनि.आयुक्त-। डॉ. अजय सिंह चौधरी ने बताया कि यह योजना रोजगार के अवसर बढ़ाने, औपचारिकीकरण को बढ़ावा देने और सामाजिक सुरक्षा कवरेज का विस्तार करेगी।
पीएम मोदी का संदेश: युवा राष्ट्र निर्माता हैं
विज्ञान भवन से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जोधपुर में किया गया। पीएम मोदी ने कहा कि ‘अमृत पीढ़ी’ को सशक्त बनाना ही ‘विकसित भारत @ 2047’ का मुख्य लक्ष्य है। युवा केवल नौकरी चाहने वाले नहीं,राष्ट्र निर्माता हैं। यह योजना युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाएगी।
श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि MSME व छोटे उद्योगों को बढ़ावा देकर औपचारिक रोजगार और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत किया जाएगा। अमृत पीढ़ी के युवा ही 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की कुंजी हैं।कार्यक्रम के अंत में सहायक आयुक्त संदीप कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
