Doordrishti News Logo

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर क्रीड़ा भारती के विविध कार्यक्रम

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर क्रीड़ा भारती के विविध कार्यक्रम। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर क्रीड़ा भारती जोधपुर महानगर द्वारा 21 जून तक विभिन्न योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों का उद्देश्य योग, भारतीय संस्कृति,संतुलित जीवनशैली एवं पारंपरिक स्वास्थ्य पद्धतियों को जन-जन तक पहुंचाना है।

क्रीड़ा भारती जोधपुर महानगर अध्यक्ष वरुण धनाडिया ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। योग दिवस केवल योगाभ्यास तक सीमित नहीं रहेगा,बल्कि भारतीय सांस्कृतिक विरासत,नैतिक मूल्यों एवं स्वस्थ जीवनशैली के संदेश को समाज तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।

रेलवे पास व्यवस्था का डिजिटलाइजेशन

महानगर योग प्रमुख गजराज शेखावत ने बताया कि 21 जून तक शहर के विभिन्न स्थानों पर निशुल्क योग अभ्यास सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें शिशु विहार स्कूल पावटा में प्रतिदिन सायं 5.30 से 6 बजे तक, वरदान योग केंद्र शास्त्री नगर में प्रात: 6 से 7 बजे तक तथा जीआर मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में प्रात: 7 से 8 बजे तक योग प्रशिक्षण दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 16 से 20 जून तक सृजन योग एवं ध्यान संस्थान,शास्त्री नगर जी सेक्टर में महिलाओं के लिए विशेष गर्भावस्था योग शिविर आयोजित किया जाएगा।इस शिविर में योग विशेषज्ञ डॉ.ललिता एवं श्रेया संचेती के मार्गदर्शन में प्रतिदिन प्रात: 8.15 से 9.15 बजे तक योगाभ्यास कराया जाएगा।

कार्यक्रमों की श्रृंखला में 17 जून को वुशू खिलाडिय़ों द्वारा विनोद आचार्य के निर्देशन में योग प्रदर्शन किया जाएगा। 19 जून को गौशाला मैदान,20 जून को ऐतिहासिक जसवंत थड़ा तथा 21 जून को एयरफोर्स स्थित फिजिकल कॉलेज में विशेष सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित होंगे।