568वें जोधपुर स्थापना दिवस पर होंगे विविध आयोजन
- पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होंगे कार्यक्रम
- शहर की प्रमुख इमारतों एवं चौराहों पर होगी सजावटी रोशनी*
- घंटाघर पर बीएसएफ कैमल माउंटेड बैण्ड देगा प्रस्तुति -मेहरानगढ़ में होगा पर्यटकों का स्वागत
- तूरजी के झालरे पर दीपोत्सव एवं लोक सांस्कृतिक संध्या का होगी
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),568वें जोधपुर स्थापना दिवस पर होंगे विविध आयोजन। जोधपुर का 568वाँ स्थापना दिवस 12 मई 2026 को पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन,जोधपुर के संयुक्त तत्वावधान में विविध सांस्कृतिक एवं पर्यटन गतिविधियों के साथ उत्साह पूर्वक मनाया जाएगा।
स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों के क्रम में गुरुवार को जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न कार्यक्रमों एवं व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक में लिए गए निर्णयानुसार जोधपुर स्थापना दिवस की पूर्व संध्या 11 मई को शहर की प्रमुख ऐतिहासिक इमारतों,सार्वजनिक स्थलों एवं प्रमुख चौराहों पर आकर्षक सजावटी रोशनी की व्यवस्था की जाएगी,जिससे पूरे शहर में उत्सवमय वातावरण निर्मित होगा।
पर्यटन विभाग के उपनिदेशक भानु प्रताप ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर 12 मई को प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक घंटाघर परिसर में पर्यटकों एवं आमजन के आकर्षण हेतु कैमल फ्रंटियर बीएसएफ,जोधपुर के कैमल माउंटेड बैण्ड द्वारा विशेष बैण्ड वादन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना पशुपालकों का सुरक्षा कवच
भानु प्रताप ने बताया कि पर्यटन विभाग द्वारा प्रातः 10:15 बजे से मेहरानगढ़ दुर्ग में आगन्तुक देशी एवं विदेशी पर्यटकों का माल्यार्पण कर पारंपरिक स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान लोक कलाकारों द्वारा राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करती रंगारंग लोक प्रस्तुतियाँ भी दी जाएंगी।
संध्याकालीन कार्यक्रमों के अंतर्गत पर्यटन विभाग द्वारा तूरजी के झालरे पर दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर लोक नृत्य एवं लोक गायन की मनोहारी प्रस्तुतियाँ आयोजित होंगी, जो स्थापना दिवस समारोह को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान करेंगी।
