केमिकल फैक्ट्री अग्नि कांड में झुलसे दो और फायर फाइटर्स की मौत,अब तक तीन मरे

  • मृतक के आश्रित परिवार को राज्य सरकार की तरफ से मिलेंगे 20 लाख रुपए
  • एक सदस्य को संविदा पर नौकरी
  • घायल को पांच लाख की सहायता

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),केमिकल फैक्ट्री अग्नि कांड में झुलसे दो और फायर फाइटर्स की मौत,अब तक तीन मरे। बासनी में औद्योगिक क्षेत्र स्थित एसआर हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में लगी भीषण आग के दौरान केमिकल से भरे ड्रमों में ब्लास्ट से झुलसे दो और फायर फाइटर्स ने महात्मा गांधी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। हादसे में घायल हुए 13 फायर कर्मियों में से अब तक तीन की मौत हो चुकी है।

70वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न

हादसे में 6 दमकल कर्मियों की गंभीर स्थिति के चलते जयपुर के एसएमएस अस्पताल में शिफ्ट किया गया था। सभी 60 से 95 प्रतिशत बर्न हैं। महात्मा गांधी अस्पताल के अधीक्षक डॉ.फतेह सिंह भाटी ने बताया कि नागौर के खींवसर निवासी सुरेंद्र (22) और प्रदीप की मौत हुई है। सुरेंद्र का शरीर 65 प्रतिशत तक झुलस गया था। सोमवार सुबह इलाज के दौरान सुरेंद्र की मौत हो गई। इसके कुछ घंटे बाद प्रदीप ने भी दम तोड़ दिया। वह हादसे में 80 से 90 प्रतिशत तक झुलस गए थे।

इससे पहले 26 सितंबर को एक फायर फाइटर प्रीतेश की मौत हो गई थी। दरअसल गणेश नगर श्रमिक कॉलोनी में हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में गत बुधवार शाम आग लगी थी। आग पर काबू पाने के लिए 35 फायर फाइटर्स की टीम पहुंची थी। कर्मचारी आग बुझाने में जुटे थे। इस दौरान छत से एक पत्थर केमिकल से भरे ड्रम पर आकर गिरा और ब्लास्ट हो गया। इसमें फायर ब्रिगेड के कर्मचारी झुलस गए।

दूसरे फायर फाइटर्स अपने साथियों को पिकअप और दमकल में लेकर हॉस्पिटल पहुंचे थे। इस हादसे में झुलसे फायर फाइटर्स को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एंबुलेंस से महात्मा गांधी हॉस्पिटल से जयपुर के एसएमएस अस्पताल भेजा गया था। चार मरीज प्रवीण,कुणाल,दुर्गेश और विनय का इलाज महात्मा गांधी हॉस्पिटल में चल रहा है।

परिवार को दिया जाएगा 20 लाख का मुआवजा
इधर,इस हादसे में झुलसे फायर फाइटर्स के परिवार को राज्य सरकार आर्थिक सहायता देगी। इस हादसे में जान गंवाने वाले परिवार को राज्य सरकार की ओर से 20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता मिलेगी। कलेक्टर आलोक रंजन ने बताया कि इसके साथ ही परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी भी मिलेगी। उन्होंने बताया राज्य सरकार परिवार के साथ खड़ी है।

इस हादसे में जो फायर फाइटर्स घायल हुए है,उन्हें पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा इस हादसे में घायल लगातार रिकवर हो रहे है लेकिन वे यदि काम पर नहीं जा पाते हैं तो परिवार के किसी एक सदस्य को संविदा पर नौकरी दी जाएगी।

अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ ने की बैठक
अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के जिला अध्यक्ष शंभू सिंह मेड़तिया ने बताया कि आज बर्न यूनिट के बाहर पीडि़त कर्मचारियों के परिवारजनों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सरकार के कथित संवेदनहीन रवैये पर कड़ा एतराज जताया गया। परिवारजनों ने कहा कि सरकारी ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों के साथ इतनी गंभीर घटना होने के बावजूद सरकार द्वारा अब तक सहायता की घोषणा नहीं करना चिंता का विषय है।

महासंघ ने प्रमुख रूप से मृतक कर्मचारी के परिवार को एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता,परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा घायल कर्मचारियों को 50 लाख रुपए की सहायता देने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होना तथा संबंधित फैक्ट्री मालिक की गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर भी कर्मचारियों और पीडि़त परिवारों में आक्रोश है। महासंघ ने सरकार से पूरे मामले में जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।