झूलते 11 केवी तार को हटाते हुए झुलसा ट्रक का चालक
- अस्पताल में भर्ती
- विरोध में क्षेत्रवासियों का प्रदर्शन
- समझाइश के बाद माने
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),झूलते 11 केवी तार को हटाते हुए झुलसा ट्रक का चालक। शहर के निकट झालामंड स्थित खेता नगर में सोमवार को झूलती 11 केवी लाइन को हटाने के दौरान ट्रक चालक सलीम खां गंभीर रूप से झुलस गया। जिसे इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने रास्ता रोक विरोध प्रदर्शन किया।
सूचना मिलते ही कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कुड़ी थानाधिकारी तेजकरण परिहार ने बताया कि सलीम खंडों से भरा ट्रक लेकर आदर्श नगर की तरफ जा रहा था। इस बीच में झूलते तार को हटाने के समय वह उसकी चपेट में आ गया। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
पुलिस-डिस्कॉम प्रशासन ने समझाइश कर शांत करवाया
इधर,स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पूर्व शहर विधायक मनीषा पंवार भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार को सहायता देने,डिस्कॉम के झालामंड सर्किल के एईएन-जेईएन और लाइनमैन को निलंबित करने की मांग की। इस दौरान भींवराज प्रजापत, दशरथ बनावड़िया, पुखराज बनावड़िया, चंद्रप्रकाश, विरेंद्र, जवान कुमार,पिंटू कुमार,सुनील, श्यामलाल बनावड़िय व दानाराम सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद थे।
