आश्वासन मिलने पर धरना समाप्त
- झालामंड मोती मार्केट एक्सीडेंट का मामला
- कुम्हार प्रजापत समाज ने रात से दे दिया था धरना -जन प्रतिनिधि पहुंचे
- एक करोड़ मुआवजे की रखी मांग
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),आश्वासन मिलने पर धरना समाप्त। शहर के निकट झालामंड स्थित मोती मार्केट के ब्रिज पर गुरूवार शाम को पत्थरों से लदे एक ट्रक से मोपेड सवार किशोर की जान चली गई। वह इलेक्ट्रिक मोपेड पर सवार था। हादसे से गुस्साएं लोगों ने मौके पर धरना प्रदर्शन कर नारेबाजी की थी। शव को देर रात ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ सांइसेज में रखवाया गया था। सडक़ हादसे में हनुमान नगर झालामंड निवासी दिव्यांशु पुत्र कुलदीप कुमावत की मौत हुई। ट्रक शताब्दी सर्किल की तरफ जा रहा था। शव को बाद में एम्स चिकित्सालय की मोर्चरी में भिजवाया गया। इधर आज सुबह एम्स मोर्चरी पर समाज के लोग और कई जनप्रतिनिधि वहां पहुंचे।
बाद में समझाइश कर मामला शांत करवाया।
परिजन को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
कुम्हार समाज में रोष
इस दुखद एवं हृदयविदारक घटना के विरोध में सर्व समाज की ओर से कुम्हार प्रजापति समाज की तरफ से मोती मार्केट,झालामंड चौराहा पर धरना एवं विरोध प्रदर्शन किया गया। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन के प्रति गहरा रोष व्यक्त किया। क्षेत्रवासियों का कहना था कि शहर में भारी वाहनों की लापरवाही,यातायात नियंत्रण की कमी एवं प्रशासनिक उदासीनता के कारण लगातार निर्दोष लोगों की जान जा रही है। प्रशासन यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई करता तो इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सकता था।
यह मांगे रखी
मृतक आश्रित परिवार को 1 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता दी जाए। परिवार के एक सदस्य को संविदा पर सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। जिला परिवहन अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए। झालामंड चौराहा से गौरव होटल डांगियावास तक संबंधित ड्यूटी अधिकारियों एवं जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों को निलंबित किया जाए। संबंधित पुलिस बीट अधिकारी के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई करते हुए निलंबन किया जाए। शताब्दी सर्किल से गौरव होटल तक सडक़ सुरक्षा के लिए बैरिकेट्स,स्पीड ब्रेकर एवं सुरक्षा बैरियर लगाए जाएं। गौरव होटल क्षेत्र में पुलिस चौकी एवं नाका व्यवस्था पुन: तत्काल प्रभाव से प्रारंभ की जाए।
एम्स मोर्चरी पहुंचे समाज के लोग
शुक्रवार को सुबह एम्स मोर्चरी पर एडीसीपी वेस्ट नरेंद्र देवड़ा,एसडीएम पंकज कुमार के साथ शिल्प एवं माटी कला बोर्ड के पूर्व निदेशक अशोक झालामंड,पूर्व पार्षद राजकुमार प्रजापत,पूर्व पार्षद दशरथ प्रजापत, श्रीयादे माता पावन धाम के अध्यक्ष दयाल राम प्रजापत,सुरेश कुमार नागोरी,मुन्नालाल प्रजापत, पुखराज प्रजापत ने प्रजापत समाज एवं प्रशासन से बातचीत कर धरने को समाप्त करवाया एवं मौके पर स्थानीय विधायक जोगाराम पटेल के प्रतिनिधि अशोक पटेलको मौके पर बुलाकर कार्रवाई विरोध कर रहे प्रतिनिधि मंडल एवं समाज बंधुओ को आश्वासन दिया। दोपहर बाद शव का पोस्ट मार्टम करवाया गया।
