भारतीय नागरिक बनने की अभिलाषा हुई पूरी खुशी के आंसू छलके
- 45 पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता व 29 स्वीकृति पत्र
- अधिकारों के साथ कर्त्तव्यों का निर्वाह करने का आह्वान
जोधपुर,(डीडी न्यूज)। शुक्रवार को जेएनवीयू सभागार में भावुकता के साथ खुशियों और आभार की अभिव्यक्ति भरा उत्साही माहौल नजर आया। यह मौका तब आया जब पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता के दस्तावेज और स्वीकृति पत्र प्रदान करने के लिए आयोजित विशेष नागरिकता शिविर में पाक विस्थापितों ने भारतीय नागरिकता के दस्तावेज ग्रहण किए। नागरिकता पाने वाले सभी लोगों के चेहरे पर खुशी के आंसू छलक पड़े।
इसे भी पढ़िए – सात करोड़ का फ्रॉड 15 गिरफ्तार, 10 क्रेडिट कार्ड 37 एटीएम 52 सिम व 35 मोबाइल बरामद
इस अवसर पर महापौर (दक्षिण) वनिता सेठ ने भारतीय नागरिकता पाने वाले सभी पाक विस्थापितों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह उनकी कड़ी मेहनत और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने नागरिकों को विश्वास दिलाया कि नगर निगम उनके बेहतर भविष्य के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
समस्याओं के निस्तारण के प्रति सरकार कर रही हरसंभव प्रयास
संभागीय आयुक्त डॉ.प्रतिभा सिंह ने इस मौके पर प्रदेश में पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता प्रदान करने की दिशा में किए जा रहे सार्थक प्रयासों का उल्लेख करते हुए बताया कि राज्य सरकार भारतीय नागरिकता प्राप्त सभी पाक विस्थापितों के अधिकारों और हितों के प्रति पूर्ण सजग है तथा उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए पूरी संवेदनशीलता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन का सदैव यही प्रयास रहता है कि प्राप्त प्रकरणों को नियमानुसार शीघ्र निस्तारित कर हर संभव सुविधा मुहैया कराई जाए। इसके लिए सरकार हमेशा प्रतिबद्ध रही है।
अच्छी तरह निभाएं अपने नागरिक दायित्व
जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने कहा कि आज आपकी नागरिकता की यात्रा में अंतिम पड़ाव था और आज से आपकी भारतीय नागरिकता की यात्रा की नई शुरुआत हो रही है। केंद्र और राज्य सरकारें आपके हितों के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह 45 नागरिकों के साथ-साथ 45 संघर्ष की कहानियां भी हैं, जिनमें प्रत्येक कहानी अपने आप में प्रेरणादायक है। उन्होंने संविधान प्रदत्त अधिकारों का बोध कराते हुए कहा कि अधिकारों के साथ अपने कर्त्तव्यों को भी पूरी जिम्मेदारी से निभाने के लिए हमेशा तत्पर रहें।
शिक्षा और कारोबार से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा
शिविर के दौरान शिक्षा और व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं पर विशेष चर्चा की गई। ज़िला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने सभी पाक विस्तापित नागरिकों से उनकी समस्याएं पूछी और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। नागरिकों ने काम-धंधों में आ रही कठिनाइयों को प्रशासन के समक्ष रखा,जिसे गंभीरता से सुना और उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया।
45 को भारतीय नागरिकता एवं 29 को स्वीकृति पत्र प्रदान किए
इस राज्यस्तरीय नागरिकता शिविर में 45 विस्थापितों को नागरिकता प्रमाण पत्र एवं 29 को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
शांति देवी बनीं सबसे वृद्ध नागरिक
नागरिकता प्राप्त करने वालों में 1949 में जन्मी शांति देवी सबसे वृद्ध नागरिक थीं। उन्होंने इस ऐतिहासिक दिन पर भावुक होकर कहा यह मेरे जीवन का सबसे बड़ा दिन है। इतने वर्षों के संघर्ष के बाद मुझे यह पहचान मिली है।
खुशी से झूम उठे
नागरिकता पाने वाले सभी लोग खुशी से झूम उठे और मुग्ध होते हुए अपने उद्गार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रति धन्यवाद जताने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं। भारतीय नागरिक होने पर अब उनके जीवन की हर राह आसान हो गई है और सभी समस्याओं का अंत हो जाएगा। इस दौरान शिविर में समाजसेवी गणेश बीजानी, नागरिकता शाखा,सीआईडी,आई बी,निर्वाचन शाखा के अधिकारी भी उपस्थित थे।