परियोजना संबंधी आवश्यक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा कर अधिकारियो से लिया फीडबैक 

जोधपुर, केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत दो दिवसीय पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं। पश्चिम बंगाल में फरक्का पहुंचने पर शेखावत का भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने यहां फरक्का बैराज परियोजना का अवलोकन किया। भाजपा जोधपुर मीडिया विभाग के अचल सिंह मेड़तिया ने बताया कि फरक्का हेलीपैड पर मंत्री शेखावत को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। शेखावत ने फरक्का बैराज परियोजना पर कार्य कर रहे अधिकारियों के साथ बैराज का मुआयना किया। परियोजना से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों से जुड़ी जमीनी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि परियोजना को जमीन पर संभाल रहे लोगों का भी परियोजना के समान ख्याल रखा जाए। फरक्का बैराज परियोजना की मुख्य कॉलोनी को सुरक्षा देने के लिए बनाई गई चारदीवारी का लोकार्पण भी किया। इस प्रोजेक्ट के तहत संचालित हाई स्कूल का अवलोकन किया। केंद्रीय मंत्री विद्यार्थियों से मिले। स्वागत ने उनका दिल छू लिया। विद्यालय की नवनिर्मित संरचनाओं का लोकार्पण करने के उपरांत शिक्षकों से हालचाल जाना, जिससे यहां की व्यवस्था के प्रति संतोष हुआ। दो दिवसीय यात्रा का उद्देश्य परियोजना के जनहित पक्ष को अधिक प्रभावी बनाने पर विचार करना है। इसी के आधार पर भविष्य की प्रक्रिया तय की जाएगी। फरक्का के गांधी घाट शिव मंदिर में भोलेनाथ के दर्शन कर आशीष प्राप्त किया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।

बांग्लादेश के लिए भी बैराज की स्थिति काफी महत्व रखती है
केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने फरक्का बैराज परियोजना से जुड़ी सलाहकार समिति की 8वीं व तकनीकी सलाहकार समिति की 116वीं बैठक में अधिकारियों से परियोजना संबंधी आवश्यक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा कर विवरण प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि भारतीय राज्यों के साथ ही बांग्लादेश के लिए भी इस बैराज की स्थिति काफी महत्व रखती है, इसलिए इससे जुड़े हर पहलू का सावधानीपूर्वक आंकलन किया जाना आवश्यक है। बैठक के बाद मंत्री शेखावत ने साहित्य के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार प्राप्त करने वाले महान साहित्यकार रविन्द्रनाथ टैगोर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रकाशीय व्यवस्था का किया उद्घाटन
मंत्री शेखावत ने फरक्का बैराज रोड ब्रिज के लिए बनाई गई प्रकाशीय व्यवस्था का उद्घाटन कर उसे जनता के नाम किया। यह व्यवस्था अवश्य ही जनजीवन को आसान बनाने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होनें कहा कि सड़क,बिजली,पानी जैसी ढांचागत सुविधाएं आम जीवन में अत्यधिक मायने रखती हैं।

गंगा घाट पर मां गंगा की आरती
शेखावत ने इसके बाद गंगा घाट पर मां गंगा की आरती में सम्मिलित होकर मां का आशीर्वाद लिया। मां गंगा की महिमा का प्रताप ही कुछ ऐसा है कि गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक, उनके सम्मुख सभी भक्तों का शीश श्रद्धा से झुक जाता है।