पीजी योग नाड़ी परीक्षण सहित कई नए पाठ्यक्रमों को मंजूरी

  • आयुर्वेद विश्वविद्यालय की विद्या परिषद बैठक
  • संबद्धता प्रक्रिया पर भी फैसला

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),पीजी योग नाड़ी परीक्षण सहित कई नए पाठ्यक्रमों को मंजूरी। डॉ.सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय, जोधपुर में कुलगुरु प्रोफेसर वैद्य गोविंद सहाय शुक्ल की अध्यक्षता में विद्या परिषद की बैठक आयोजित हुई। बैठक में शैक्षणिक,अनुसंधान, संबद्धता एवं प्रशासनिक कार्यों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया।

इसे भी पढ़िए – रेलवे कैटरिंग स्टॉल संचालन निलंबित,पे एंड यूज अनुबंध समाप्त

सत्र 2026-27 के लिए विश्वविद्यालय से संबद्ध आयुर्वेद,यूनानी,होम्योपैथी, योग,बी.एससी.नर्सिंग (आयुर्वेद) एवं बीएनवाईएस महाविद्यालयों की संबद्धता,निरीक्षण प्रक्रिया पर चर्चा हुई। नवीन महाविद्यालयों की स्थापना एवं संबद्धता के लिए निर्धारित आवेदन एवं निरीक्षण प्रारूपों को भी स्वीकृति दी गई।

विद्या परिषद ने प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग विषय में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू करने हेतु न्यूनतम मानक एवं मानदंड (MSR) तथा विभिन्न विषयों के पीजी पाठ्यक्रमों के अनुमोदन पर चर्चा की। इसके साथ सेमी-ऑनलाइन पोस्ट ग्रेजुएट सर्टिफिकेट कोर्स,नाड़ी परीक्षण सर्टिफिकेट कोर्स तथा उद्यमपरक चिकित्सा इकाई के तहत संचालित प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों के संचालन को भी मंजूरी दी गई।

बैठक में यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी से प्राप्त प्रस्तावों,गोपनीय एवं परीक्षा शाखा से जुड़े विषयों पर विचार किया गया। शैक्षणिक संकाय सदस्यों को राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर की संगोष्ठियों, कार्यशालाओं,प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं शोध परियोजनाओं में सहभागिता हेतु अनुमतियों से संबंधित प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई।

विश्वविद्यालय कर्मचारियों के हितों,चिकित्सा सुविधाओं, वित्तीय प्रक्रियाओं तथा विश्वविद्यालय अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। अनुसंधान बोर्ड की पूर्व बैठक की कार्यवाही का भी अनुमोदन किया गया।

कुलगुरु प्रोफेसर शुक्ल ने कहा कि अकादमिक परिषद में लिए गए निर्णय विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता,गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा,अनुसंधान एवं समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

बैठक में वित्त नियंत्रक एवं कार्यवाहक कुलसचिव अतुलबल रत्नू,डीन फैकल्टी आयुर्वेद प्रो.महेन्द्र कुमार शर्मा, डीन होम्योपैथी प्रो.जयराम चौधरी,डीन यूनानी प्रो.आजम अंसारी,प्रो.शिवकुमार भारद्वाज, संजीवनी आयुर्वेद चिकित्सालय अधीक्षक प्रो.ए नीलिमा रेड्डी, बोर्ड ऑफ स्टडी अध्यक्ष प्रो.गोविंद प्रसाद गुप्ता,प्रो. किशोरी लाल शर्मा,राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान जयपुर के प्रो.महेंद्र प्रजापति, उपकुलसचिव डॉ.मनोज कुमार अदलखा, विभागाध्यक्ष पंचकर्म डॉ.ज्ञानप्रकाश उपस्थित थे।