ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल को भारत का हिस्सा नहीं मानती – शेखावत

 

केंद्रीय मंत्री का सीएम ममता बनर्जी पर तीखा हमला, राज्य की स्थिति को बताया चिंताजनक

जोधपुर, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला है। शुक्रवार को शेखावत ने कहा, ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल को भारत का हिस्सा नहीं मानती हैं। उनके बयानों और उनकी पार्टी की हरकतों से यह जाहिर होता भी है। गुरुवार को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डाजी पर हुआ हमला इसका सबसे बड़ा सबूत है। पश्चिम बंगाल में संवैधानिक संकट है। शेखावत ने कहा कि पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में ममता सरकार द्वारा संवैधानिक मर्यादाओं को तार-तार करते उनके कार्यकाल पर कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने साफ कहा कि ममता बनर्जी भीतरी और बाहरी का खेल रचकर आग से खेल रही हैं। आग से खेलना यानी क्षेत्र के आधार पर अलगाववाद को बढ़ावा देना। ममता बनर्जी ने बंगाल को अपनी जागीर मान लिया है। उन्होंने कहा ममता बनर्जी के बयानों पर पूरे देश को गौर करना होगा और यह समझना होगा कि उनका मकसद बंगाल को देश से अलग दिखाना है। वे जता रही हैं कि बंगाल में केवल वही रह सकता है, जिसे वे अनुमति देंगी। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल का ममता सरकार की शासन चलाने की नियत और नीतियों पर सवाल करना, बंगाल राज्य की चिंताजनक स्थिति का हाल बयान कर रहा है। गौरतलब है कि इसी माह की शुरुआत में शेखावत स्वयं कोलकाता के दौरे पर गए थे और घर-घर जाकर उन्होंने लोगों से संपर्क भी किया था।

Similar Posts