रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाने के नवीनीकृत भवन का उद्घाटन
- स्टेशन पुनर्विकास कार्य के चलते जीआरपी थाना आरएमएस की नवीनीकृत बिल्डिंग में शिफ्ट
- डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने किया उद्घाटन,जुटाई आधुनिक सुविधाएं
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाने के नवीनीकृत भवन का उद्घाटन।रेलवे यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में सोमवार को एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। रेलवे स्टेशन स्थित राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) थाना के नवीनीकृत भवन का उद्घाटन उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने फीता काटकर किया।इस अवसर पर रेलवे, जीआरपी एवं आरपीएफ के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने नवीनीकृत भवन का अवलोकन करते हुए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह भवन जीआरपी अधिकारियों एवं जवानों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराएगा,जिससे रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशनों पर प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों के पास बेहतर आधारभूत सुविधाएं होना आवश्यक है,ताकि यात्रियों को त्वरित सहायता मिल सके और किसी भी आपात स्थिति में प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने जीआरपी जवानों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर देते हुए भवन में वातानुकूलित डोरमेट्री सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में तैनात जवानों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलना आवश्यक है,जिससे वे अधिक दक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।
मंडोर सुपरफास्ट में अतिरिक्त एसी कोचों की अवधि बढ़ी
जीआरपी थानाधिकारी मुक्ता पारीक ने बताया कि नवीनीकृत भवन में पुलिस कर्मियों के लिए बेहतर कार्य सुविधाएं विकसित की गई हैं। भवन में कार्यालय कक्षों का आधुनिकीकरण किया गया है तथा शिकायत दर्ज करने,रिकॉर्ड संधारण और बैठक व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाया गया है। इसके अलावा आधुनिक फर्नीचर, प्रतीक्षालय,पेयजल एवं स्वच्छता सुविधाओं का भी विस्तार किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक संचार संसाधनों एवं तकनीकी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने बताया कि जोधपुर रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों की आवाजाही रहती है। ऐसे में जीआरपी की ओर से सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन काफी उपयोगी साबित होगा तथा इसे आदर्श जीआरपी थाना बनाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रारंभ में जीआरपी पुलिस अधीक्षक केवलराम ने डीआरएम का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। थाना भवन का अवलोकन करने के बाद अनुराग त्रिपाठी ने आयोजित हवन में मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां दीं।
अधिकारी जो रहे उपस्थित
इस अवसर पर डीआरएम के साथ मुख्य कारखाना प्रबंधक रवि मीणा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) मनोहर सिंह,उप मुख्य अभियंता निर्माण अभिमन्यु आर्य,सहायक अभियंता (निर्माण) पवन कुमार सुवासिया,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जीआरपी राहुल यादव,सहायक मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) चंद्रप्रकाश मिर्धा सहित रेलवे एवं जीआरपी के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
