मालगाड़ी का इंजन फेल
- चेन्नई से जोधपुर आ रही ट्रेन डेढ़ घंटा खड़ी रही
- जोधपुर-दादर एक्सप्रेस भी हुई प्रभावित
जोधपुर,(दूरदृष्टीन्यूज), मालगाड़ी का इंजन फेल। जालोर में मंगलवार सुबह बागरा और मोदरान स्टेशन के बीच भीनमाल की ओर जा रही एक मालगाड़ी का इंजन अचानक फेल हो गया। घटना सुबह करीब 8.30 बजे हुई,जिसके कारण सिंगल लाइन रेलवे ट्रैक पर रेल संचालन प्रभावित हो गया।तकनीकी खराबी के चलते चेन्नई से भगत की कोठी आ रही एक्सप्रेस ट्रेन को मोदरान स्टेशन पर करीब 1 घंटा 21 मिनट तक रोकना पड़ा। बाद में रेलवे अधिकारियों ने वैकल्पिक इंजन की व्यवस्था कर यातायात सामान्य कराया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार बागरा और मोदरान स्टेशन के बीच भीनमाल की तरफ जा रही मालगाड़ी का इंजन अचानक खराब हो गया। इससे रेलवे ट्रैक सिंगल लाइन होने के कारण दूसरी ट्रेनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। मालगाड़ी के ट्रैक पर खड़े रहने के कारण चेन्नई से भगत की कोठी आने वाली एक्सप्रेस ट्रेन को मोदरान स्टेशन पर करीब 1 घंटा 21 मिनट तक रोकना पड़ा।
लंबे समय तक ट्रेन खड़ी रहने से यात्रियों को गर्मी में परेशानी उठानी पड़ी। कई यात्री प्लेट फॉर्म पर उतरकर इंतजार करते नजर आए। इस तकनीकी खराबी का असर ट्रेन संख्या 14807 जोधपुर-दादर एक्सप्रेस पर भी पड़ा। यह ट्रेन करीब 19 मिनट देरी से रवाना हुई। ट्रेनों के लेट होने से यात्रियों को अपनी मंजिल तक पहुंचने में देरी हुई।
रेलवे ने बदला इंजन, फिर शुरू हुआ संचालन
सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने मौके पर वैकल्पिक इंजन भेजा। इंजन बदलने के बाद मालगाड़ी को आगे रवाना किया गया। इसके बाद मोदरान स्टेशन पर रुकी चेन्नई-भगत की कोठी एक्सप्रेस को भी अगले स्टेशन के लिए रवाना किया गया। तेज गर्म मौसम और लंबे इंतजार के चलते यात्रियों में परेशानी और नाराजगी देखने को मिली।
