रामदेवरा मेले के मद्देनजर डीआरएम ने लिया पोकरण स्टेशन का जायजा
भीड़ प्रबंधन,अतिरिक्त ट्रेनों की संभावना एवं यात्री सुविधाओं की समीक्षा
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),रामदेवरा मेले के मद्देनजर डीआरएम ने लिया पोकरण स्टेशन का जायजा। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने रविवार को जैसलमेर दौरे के मौके पर रामदेवरा मेले के मद्देनजर पोकरण रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने मेले के दौरान श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की संभावित बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे की तैयारियों, भीड़ प्रबंधन,यात्री सुविधाओं,अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की संभावनाओं तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान यात्रियों की संख्या में संभावित वृद्धि को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर भीड़ का सुचारू आवागमन,प्लेटफॉर्म प्रबंधन,प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की संभावनाओं और परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की,ताकि श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने पोकरण स्टेशन पर चल रहे विभिन्न विकास एवं आधारभूत संरचना संबंधी कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन नए फुट ओवरब्रिज का निरीक्षण करते हुए कार्य की गुणवत्ता,प्रगति तथा निर्धारित समय सीमा में निर्माण पूरा करने के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली।
इसके साथ ही स्टेशन पर प्रस्तावित नई लूप लाइन सहित अन्य रेल विकास कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए।
मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि रामदेवरा मेले के दौरान यात्रियों की सुविधा,सुरक्षा और सुचारू रेल परिचालन रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षित आवागमन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान संबंधित शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने मंडल रेल प्रबंधक को यात्री सुविधाओं,परिचालन व्यवस्थाओं एवं निर्माणाधीन विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।
